जींद, 16 मई हरियाणा के हिसार में पुलिस के कथित लाठीचार्ज के विरोध में किसानों ने रविवार शाम को जिले के जींद-पटियाला राष्ट्रीय राजमार्ग, जींद-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग, हिसार-चंडीगढ़ राजमार्ग, जींद-रोहतक, जींद-हांसी तथा जींद-सफीदो मार्ग बाधित कर दिया।
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अचानक जाम लगाने से बड़ी संख्या में वाहन रास्ते में फंस गए और पुलिस को परिवर्तित मार्ग से वाहनों को उनके गंतव्यों तक भेजना पड़ा।
किसानों का आरोप है कि सरकार ने किसानों पर बर्बरतापूर्ण लाठियां बरसाई है जिसमें कई लोगों को चोटें आई है जबकि कई किसानों को गिरफ्तार किया गया है।
संयुक्त किसान मोर्चे के जिलाध्यक्ष आजाद सिंह ने बताया कि हिसार में मुख्यमंत्री के आगमन का विरोध कर रहे किसानों पर लाठी चार्ज किया गया जिसके खिलाफ किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य मार्ग को सांकेतिक रूप से दो घंटे तक बाधित किया।
उन्होंने कहा कि किसान तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं और राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा-जजपा गठबंधन के नेताओं के विरोध का आह्वान किया है, इसके बावजूद मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री कार्यक्रम कर किसानों को चुनौती देकर सार्वजनिक कार्यक्रम कर रहे हैं।
सिंह ने कहा कि किसान मुख्यमंत्री का शांतिपूर्ण विरोध करने पहुंचे थे लेकिन उनपर लाठियां बरसाई गई।
वहीं, पुलिस प्रवक्ता अमित कुमार ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे किसानों ने रास्ते खोल दिए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY