देश की खबरें | फरीदाबाद: एक व्यक्ति ने दुपट्टे से गला घोटकर पत्नी को मार डाला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. फरीदाबाद जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर दुपट्टे से गला घोटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
फरीदाबाद (हरियाणा), 17 जून फरीदाबाद जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर दुपट्टे से गला घोटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना सेक्टर-56 स्थित आशियाना फ्लैट नंबर-560 की है और मृतका की पहचान खैरुना (35) के रूप में हुई है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा के निवासी मुबारक खान की शादी 16 साल पहले खैरुना से हुई थी। उसने बताया कि उनके चार बच्चे हैं जिनकी उम्र 14, 13, 12 और 10 वर्ष है।
महिला के भाई इमरान ने मुबारक और उसके परिवार पर उनकी बहन की हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार इमरान को सोमवार सुबह उनकी भांजी ने बताया कि मुबारक ने उनकी मां को मार डाला जिसके बाद जब वह घर पहुंचे तो देखा कि खैरुना बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी थी और गले में दुपट्टा बंधा था।
शिकायत के अनुसार, ‘‘बच्चों ने इमरान को बताया कि मुबारक आधी रात को नशे की हालत में घर लौटा था और उनकी मां से झगड़ा करने लगा। इतना ही नहीं, उसने बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया। सुबह जब बच्चे जगे तथा शोर मचाया तो पड़ोसियों ने दरवाजा खोला और देखा कि खैरुना मृत पड़ी है और मुबारक वहां नहीं था।’’
इमरान ने आरोप लगाया कि मुबारक करीब तीन दिन पहले उनके गांव आया था और खैरुना को जान से मारने की धमकी दी थी।
इमरान ने बताया कि जब उन्होंने मुबारक के बड़े भाई मुश्ताक, जफर और फारूक से इसकी शिकायत की तो उन्होंने उसे और भड़का दिया।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुबारक और उसके भाइयों के खिलाफ सोमवार को सेक्टर-58 थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 120 बी (आपराधिक साजिश) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुबारक फरार है लेकिन पुलिस उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी और सबसे पहले अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2024 07:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

