देश की खबरें | क्रिकेट, फिल्म जगत के नामचीन चेहरों ने कोविड-19 पर सरकार के जन आंदोलन का समर्थन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. खेल और फिल्म जगत के कई बड़े चेहरों ने बृहस्पतिवार को सरकार के ‘कोविड-19 के खिलाफ जन आंदोलन’ का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किये।
नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर खेल और फिल्म जगत के कई बड़े चेहरों ने बृहस्पतिवार को सरकार के ‘कोविड-19 के खिलाफ जन आंदोलन’ का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किये।
बीसीसीआई के अध्यक्ष और पूर्व क्रिकेटर सौरभ गांगुली ने लोगों से कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में सभी सावधानियां बरतने को कहा, वहीं अंतरराष्ट्रीय पहलवान बबीता फोगाट ने कहा कि लोगों को महामारी के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़नी चाहिए।
बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने वीडियो संदेश ट्वीट किया और लोगों से त्योहारों के मौसम को देखते हुए सुरक्षित रहने की अपील की।
अभिनेता सलमान खान, अनिल कपूर, कंगना रनौत, कृति सेनन, राजकुमार राव और अन्य कई अदाकारों ने जन आंदोलन का समर्थन करते हुए लोगों से महामारी से बचने को सभी जरूरी सावधानियां बरतने को कहा।
रनौत ने ट्वीट किया, ‘‘कोरोना वायरस के वैश्विक संकट से कई झटके जरूर मिले लेकिन इसी के कारण हम सभी इस तरह साथ आए हैं जैसा पहले कभी नहीं देखा गया।’’
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को टैग करते हुए लिखा, ‘‘कोरोना के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ने की इस पहल के लिए शुक्रिया।’’
प्रधानमंत्री ने आज सुबह जन आंदोलन की शुरुआत करते हुए लोगों से कोरोना वायरस के खिलाफ सभी प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)