जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में गिरावट थमी, रिलायंस, आईसीआईसीआई बैंक में लिवाली से सेंसेक्स 234 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर मंगलवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 234 अंक के लाभ में रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने फिर 23,700 अंक के स्तर को हासिल कर लिया।
मुंबई, सात जनवरी स्थानीय शेयर बाजार में पिछले दो कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर मंगलवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 234 अंक के लाभ में रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने फिर 23,700 अंक के स्तर को हासिल कर लिया।
वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक और एलएंडटी जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी रही।
कारोबारियों के अनुसार हालांकि, कंपनियों के तिमाही नतीजों से पहले और डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर में गिरावट से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों शेयरों में नुकसान से बाजार का लाभ सीमित रहा।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 234.12 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,199.11 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 487.75 अंक तक चढ़ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 91.85 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,707.90 अंक पर बंद हुआ।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुख इस बात का संकेत है कि एचएमपी वायरस को लेकर कोई बड़ी चिंता की बात नहीं है। घरेलू बाजार सोमवार की बड़ी गिरावट से उबर गए, लेकिन वित्त वर्ष 2024-25 के लिए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर के पहले अग्रिम अनुमान से पहले कारोबार सीमित दायरे में रहा। इसका कारण वृद्धि दर में नरमी की आशंका है। भारतीय रिजर्व बैंक ने हाल ही में वृद्धि अनुमान को घटाया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘निकट भविष्य में बाजार सतर्क रह सकता है। वह कंपनियों के वित्तीय नतीजों में सुधार के संकेत का इंतजार करेगा। इसके अलावा एफआईआई (विदेशी संस्थागत निवेशक) की बिकवाली को लेकर भी चिंता है। इसका कारण डॉलर में मजबूती, बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि और नीतिगत दर में आगे कटौती को लेकर उम्मीद कम होना है।’’
सेंसेक्स में शामिल तीस शेयरों में अदाणी पोर्ट्स सर्वाधिक लाभ में रही। इसके अलावा टाटा मोटर्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, नेस्ले इंडिया, अल्ट्राटेक सीमेंट, लार्सन एंड टुब्रो के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
इसके उलट, जोमैटो, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक और इन्फोसिस के शेयरों में गिरावट आई।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘राहत के बावजूद बाजार पर लगातार बिकवाली का दबाव रहा। यह बताता है कि बाजार पर मंदड़िये हावी हैं।’’
छोटी कंपनियों के शेयरों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 1.74 प्रतिशत चढ़ा जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप 0.77 प्रतिशत मजबूत हुआ।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त में, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त में रहे थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 2,575.06 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.21 डॉलर प्रति बैरल रहा।
बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 1,258.12 टूटा था, जबकि एनएसई निफ्टी में 388.70 अंक की बड़ी गिरावट आई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 07, 2025 06:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

