विदेश की खबरें | यूक्रेन के जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र में बाह्य विद्युत आपूर्ति रुकी
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कीव, 12 अक्टूबर (एपी) रूस की ओर से दागी जाने वाली मिसाइलों के कारण पांच दिन में दूसरी बार यूक्रेन के जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र में बाह्म बिजली आपूर्ति रुक गई। इससे विकिरण आपदा का खतरा है, क्योंकि संयंत्र में अहम सुरक्षा उपकरण संचालित करने के लिए बिजली की जरूरत होती है।

संयंत्र के संचालक ‘एनरगोएटॉम’ ने बताया कि रूस के कब्जे वाले जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में तब बिजली गुल हो गई जब एक मिसाइल ने बिजली उपकेंद्र (इलेक्ट्रिकल सबस्टेशन) को क्षतिग्रस्त कर दिया।

युद्ध के कारण संयंत्र के सभी छह रिएक्टरों को बंद कर दिया गया था। फिर भी उपकरण को गर्म होने से रोकने के लिए बिजली की जरूरत पड़ती है। उपकरण गर्म होकर पिघल सकते हैं जिससे विकिरण हो सकता है।

‘एनरगोएटॉम’ ने बताया कि डीजल से चलने वाले जेनरेटर से संयंत्र को बिजली की आपूर्ति की जाती है लेकिन रूसी बलों ने वैकल्पिक उपकरण के लिए अतिरिक्त ईंधन ला रहे काफिले को कथित रूप से रोक दिया।

क्रीमिया प्रायद्वीप को रूस से जोड़ने वाले पुल पर शनिवार को हुए विस्फोट के जवाब में यूक्रेन पर रूस ने ताबड़तोड़ बमबारी की है। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि इन हमलों में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है और 34 लोग जख्मी हुए हैं।

बमबारी में ऊर्जा संयंत्रों और असैन्य इमारतों को निशाना बनाया गया है। यूक्रेन के ऊर्जा मंत्री जर्मन गलुशचेंको ने बुधवार को बताया कि बीते दो दिनों में रूस के हमलों में यूक्रेन की करीब एक तिहाई ऊर्जा अवसंरचना क्षतिग्रस्त हुई है।

राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, माइकोलाइव शहर के पास यूक्रेन के बलों ने नौ ईरानी शहीद-136 ड्रोन और आठ मिसाइलों को मार गिराया।

इस बीच रूस की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी ‘संघीय सुरक्षा सेवा’ (एफएसबी) ने पुल पर विस्फोट के सिलसिले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। उसने बताया कि केर्च ब्रिज पर विस्फोट के सिलसिले में रूस के पांच, यूक्रेन के तीन और आर्मीनिया के एक नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।

पुल पर किए गए इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई थी और सड़क का एक हिस्सा नष्ट हो गया था। रूस ने 2014 में क्रीमिया को यूक्रेन से छीन कर अपने में मिला लिया था।

एफएसबी ने आरोप लगाया है कि हिरासत में लिए गए लोगों ने यूक्रेन के सैन्य खुफिया ईकाई के आदेश पर यह विस्फोट किया था।

रूस की सुरक्षा सेवा ने यूक्रेन के खुफिया निदेशालय और उसके प्रमुख किरीलो बुदानोव पर उंगली उठाई है। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने पुल पर हमला करने के आरोपों से बुधवार को इनकार किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)