एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस के ‘झूठ’ और ‘कुशासन’ का पर्दाफाश करें: धर्मेंद्र प्रधान ने हरियाणा के कार्यकर्ताओं से कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए कमर कसने और कांग्रेस के ‘झूठ’ और ‘कुशासन’ को उजागर करने के लिए जनसंपर्क बढ़ाने को कहा।

देश की खबरें | कांग्रेस के ‘झूठ’ और ‘कुशासन’ का पर्दाफाश करें: धर्मेंद्र प्रधान ने हरियाणा के कार्यकर्ताओं से कहा

चंडीगढ़, 23 जून केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए कमर कसने और कांग्रेस के ‘झूठ’ और ‘कुशासन’ को उजागर करने के लिए जनसंपर्क बढ़ाने को कहा।

प्रधान को हाल ही में हरियाणा के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रधान ने रोहतक में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और पार्टी के वरिष्ठ नेता बिप्लब कुमार देब के साथ पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित किया।

हरियाणा का चुनाव प्रभारी नियुक्त होने पर प्रधान को स्थानीय इकाई द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा मनोहर लाल और गुर्जर को भी सांसद निर्वाचित होने पर सम्मानित किया गया।

प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा में एक बार फिर गरीबों, किसानों, वंचित वर्गों और आम लोगों की सरकार सत्ता में आएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से तैयारी में जुटने को कहा।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी मुकाबले या मुश्किल काम की सफलता में कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सैनी या किसी अन्य की तरह कार्यकर्ताओं का पार्टी पर पूरा अधिकार है।

प्रधान ने कहा कि भाजपा हरियाणा को नयी ऊंचाइयों पर ले जा सकती है और राज्य की प्रगति के बिना देश की प्रगति संभव नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम पूरी ईमानदारी से लोगों की सेवा करते आ रहे हैं। हरियाणा में 19,812 बूथ, 7,200 गांव और 22 जिले हैं।’’

प्रधान ने कहा कि चुनाव में अब करीब 100 दिन बचे हैं और इस ‘मिशन 100 दिन’ में पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान व्याप्त ‘झूठ’ और ‘कुशासन’ को उजागर करना चाहिए।

हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यह झूठ फैलाया कि अगर भाजपा दोबारा केंद्र की सत्ता में आई तो वह आरक्षण खत्म कर देगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि कांग्रेस के फैलाए झूठ से गुमराह न हों।

हाल के सप्ताह में कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि लोगों ने हरियाणा में कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने का मन बना लिया है। इस पर प्रधान ने कहा, ‘‘जो लोग सोचते हैं कि वे एक बार फिर हरियाणा को लूट सकते हैं, उन्हें यह सपना देखना छोड़ देना चाहिए। भाजपा तीसरी बार सत्ता में आने जा रही है।’’

भाजपा नेता ने कहा कि लोग कांग्रेस शासन के दौरान ‘‘दलितों पर हुए अत्याचारों’’ को अब भी नहीं भूले हैं।

प्रधान ने गरीबों, दलितों, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अन्य वर्गों के हितों के लिए केंद्र और हरियाणा में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों द्वारा उठाए गए कदमों की चर्चा की।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें कांग्रेस के भ्रष्टाचार और कुशासन को जनता के सामने ले जाना होगा।’’

प्रधान ने कहा कि कांग्रेस के समय में लूट, भ्रष्टाचार और वंशवाद का बोलबाला था और भाजपा के आने के बाद ‘सुशासन’ पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘हम हरियाणा को आगे ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।’’

इस मौके पर मनोहर लाल ने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाना है। आज तक किसी भी पार्टी ने लगातार तीन बार सरकार नहीं बनाई है और भाजपा यह रिकॉर्ड बनाएगी।’’

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस पार्टी ने तरह-तरह की अफवाहें और झूठ फैलाए हैं।

मनोहर लाल ने सभा में कहा, ‘‘वे विधानसभा चुनावों में भी इसी तरह की अफवाहें फैलाएंगे। लेकिन हमें सतर्क रहना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा में हमारे 10 वर्षों के कार्यकाल के दौरान, हमने प्रौद्योगिकी का उपयोग किया ताकि लोगों को उनके दरवाजे पर योजना को लाभ मिल सके। कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार और पक्षपात का बोलबाला था, जबकि मौजूदा सरकार ने सुशासन स्थापित किया है।’’

मनोहर लाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों के सामने कांग्रेस के झूठ को उजागर करने को कहा।

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य के सह-प्रभारी बिप्लब कुमार देव ने अपने संबोधन में कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला किया।

उन्होंने कहा, ‘‘वे बाप-बेटा की सरकार चाहते हैं, लेकिन लोगों ने भाजपा सरकार को सत्ता में वापस लाने का मन बना लिया है।’’

देव ने आरोप लगाया कि हरियाणा में कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान ‘जंगल राज’ था जबकि अब जनता का राज है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम किसी परिवार के लिए काम नहीं करते, हम जनता और हरियाणा के लिए काम करते हैं।’’

इस मौके पर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि देश को 2047 तक विकसित बनाया जाए और इसमें हरियाणा भी अपनी भूमिका निभा रहा है।

सैनी ने कहा, ‘‘अक्टूबर में भाजपा भारी बहुमत के साथ हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाएगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे कार्यकर्ता जनता के सामने कांग्रेस का पर्दाफाश करेंगे और उनका झूठ सफल नहीं होगा।’’

केंद्रीय मंत्री गुर्जर ने भी इसी तरह के विचार रखे और पार्टी कार्यकर्ताओं से हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए अगले तीन माह कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया।

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, पूर्व गृह मंत्री अनिल विज और हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं किरण चौधरी भी रोहतक में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2024 05:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).