देश की खबरें | पार्टी से निष्कासित नेता माफी मांगें तो दोबारा पार्टी में शामिल हो सकते हैं: अन्नाद्रमुक

चेन्नई, 11 जुलाई ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव के. पलानीस्वामी ने मंगलवार को कहा कि जिन नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है, अगर वे फिर से पार्टी में शामिल होना चाहते हैं तो उन्हें ‘‘माफी’’ मांगनी चाहिए।

वहीं, पार्टी से निष्कासित ओ पन्नीरसेल्वम के खेमे ने कहा कि वह कोडनाड डकैती-लूट-हत्या मामले की शीघ्र जांच की मांग को लेकर एक अगस्त को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगा।

पलानीस्वामी ने पार्टी में फिर से शामिल होने के लिए संस्थापक एम जी रामचंद्रन के दिनों के पार्टी के मानदंडों को याद किया। उन्होंने एक बयान में कहा कि पार्टी की पूर्व प्रमुख जे जयललिता के कार्यकाल के दौरान भी यही परंपरा रही है।

बयान में कहा गया कि पार्टी की विचारधारा, उसके लक्ष्यों और नीतियों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करना एक सामान्य प्रक्रिया है।

बयान में कहा गया कि ऐसे व्यक्ति जब अपनी गलतियों का एहसास करते हुए महासचिव को माफीनामा देंगे तो उन्हें औपचारिक रूप से पुनः प्रवेश के बाद पार्टी का सदस्य माना जाएगा।

अन्नाद्रमुक ने कई बार पनीरसेल्वम के खेमे को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की ‘बी-टीम’ करार दिया है और पलानीस्वामी ने पार्टी से निष्कासित नेताओं के फिर से शामिल होने के लिए माफी पर जोर दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)