उच्च एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 31 मई तक होने की संभावना नहीं
उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री ने एक मराठी समाचार चैनल से बात करते हुए कहा कि 24 मार्च को लॉकडाउन के कारण परीक्षाएं स्थगित होने की वजह से उसकी समय तालिका प्रभावित हुई है।
मुंबई, 29 अप्रैल राज्य के मंत्री उदय सामंत ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र में उच्च और तकनीकी शिक्षा पाठ्यक्रमों के लिए स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षा 31 मई से पहले आयोजित होने की संभावना नहीं है।
उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री ने एक मराठी समाचार चैनल से बात करते हुए कहा कि 24 मार्च को लॉकडाउन के कारण परीक्षाएं स्थगित होने की वजह से उसकी समय तालिका प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्रालय द्वारा 31 मई तक स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा आयोजित करने की संभावना नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि लगभग 30-35 लाख छात्रों के परीक्षा में शामिल होने की उम्मीद थी।
मंत्री ने बताया, ‘‘आम तौर पर, किसी परीक्षा की घोषणा से लेकर पेपर के मूल्यांकन तक की पूरी अवधि में 90 दिन लगते हैं। हमें यह समझने की आवश्यकता है कि इस तरह परीक्षा कराने में अगले दो-तीन महीने लगेंगे।’’
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जबकि परीक्षा संपन्न कराने को लेकर महाराष्ट्र में कुलपतियों की समिति की एक रिपोर्ट तैयार है।
मंत्री ने कहा, “हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि छात्रों का नुकसान ना हो।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 08:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

