देश की खबरें | केजरीवाल की मौजूदगी में आप में शामिल हुए पंजाब के पूर्व मंत्री सेवा सिंह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री सेवा सिंह सेखवां बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। इस अवसर पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे।
चंडीगढ़, 26 अगस्त शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री सेवा सिंह सेखवां बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। इस अवसर पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे।
सेवा सिंह पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व वाली अकाली दल सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
दोपहर में अमृतसर हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद केजरीवाल गुरदासपुर जिले में स्थित सेवा सिंह के पैतृक गांव में उनके आवास पहुंचे। यहां आयोजित कार्यक्रम में आप में शामिल हुए सेवा सिंह का केजरीवाल ने स्वागत किया।
इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, " सेवा सिंह ने हमें आशीर्वाद दिया और हमारे परिवार में शामिल हो गए। हम अपनी पार्टी में उनका स्वागत करते हैं और चाहते हैं कि वह हमारा मार्गदर्शन करें। "
इससे पहले केजरीवाल ने सेवा सिंह के आवास पर कुछ देर समय बिताया और उनका हाल-चाल जाना।
71 वर्षीय सेवा सिंह सुखदेव सिंह ढींडसा के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष थे।
उन्होंने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह का झंडा बुलंद करने के बाद 2018 में शिरोमणि अकाली दल छोड़ दिया था। इसके बाद सेवा सिंह ,पूर्व सांसद रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा और पूर्व सांसद रतन सिंह अजनाला ने शिअद (टकसाली) का गठन किया था।
बाद में वह पिछले साल सुखदेव सिंह ढींडसा द्वारा गठित शिअद (लोकतांत्रिक) में शामिल हो गए थे। शिअद (टकसाली) और शिअद (लोकतांत्रिक) के विलय के बाद इस वर्ष मई में शिअद (संयुक्त) का गठन हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)