एजेंसी न्यूज

समुद्री तटों से आने वाली 'खतरनाक विचारधाराओं' से निबटे यूरोप: अमेरिका

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने एक बार फिर यूरोपीय देशों की आप्रवासन नीतियों के खिलाफ बयान दिया है.

समुद्री तटों से आने वाली 'खतरनाक विचारधाराओं' से निबटे यूरोप: अमेरिका
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने एक बार फिर यूरोपीय देशों की आप्रवासन नीतियों के खिलाफ बयान दिया है. अपने बयान में उन्होंने समुद्र के रास्ते से आने वाले अप्रवासियों को यूरोपीय सभ्यता के लिए खतरनाक बताया.अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने आप्रवासन के मुद्दे पर यूरोपीय देशों की आलोचना की है. साथ ही चेतावनी दी है कि यूरोपीय देश फिलहाल एक ऐसे खतरे का सामना कर रहे हैं जिसमें समुद्री तटों के जरिए 'खतरनाक विचारधाराओं' का हमला जारी है. यहां हेगसेथ का इशारा समुद्र के रास्ते से यूरोप आने वाले अप्रवासियों की तरफ था. हालांकि, उन्होंने अपने भाषण में एक बार भी अप्रवासी शब्द का इस्तेमाल नहीं किया. लेकिन बिना इस शब्द के ही उन्होंने ट्रंप प्रशासन की अप्रवासी विरोधी नीतियों की पैरवी जरूर की.

हेगसेथ ने ये बातें नॉर्मेंडी में दूसरे विश्व युद्ध से के दौरान नाजियों से यूरोप को आजाद करने के लिए सहयोगी देशों के फ्रांस में आने के 82 साल पूरे होने से जुड़े कार्यक्रम के दौरान कहीं. उन्होंने कहा,"दुख की बात है कि आज यूरोप के समुद्र तटों पर अलग-अलग, खतरनाक विचारधाराओं द्वारा धावा बोला जा रहा है. स्पेन, इटली, ग्रीस और बुल्गारिया के समुद्र तटों पर नावें और पुरुष आ रहे हैं." आगे उन्होंने कहा, "यूरोपीय राजधानियां उस आक्रमण के बारे में कब कुछ करेंगी या क्या बहुत देर हो चुकी है? मैं प्रार्थना करता हूं कि ऐसा न हो,और मेरा मानना है कि ऐसा नहीं है."

पीट हेगसेथ के बयान भी अक्सर यूरोप के बारे में राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के प्रशासन की आलोचनाओं को दर्शाते हैं. वॉशिंगटन का तर्क है कि यूरोप की रक्षा व्यवस्था कमजोर है, आप्रवासन से निपटने में असमर्थ है, यहां गैरजरूरी लालफीताशाही है और यूरोपीय देश धुर दक्षिणपंथी और राष्ट्रवादी आवाजों को सत्ता से दूर रख रहे हैं.

हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी बड़े अमेरिकी नेता ने यूरोप की आप्रवासन नीतियों पर हमला बोला है. खुद राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने कई बार इस मुद्दे पर कड़े बयान जारी किए हैं. पिछले साल जारी एक अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति दस्तावेज ने चेतावनी दी गई थी कि यूरोप को 'सभ्यता के मिटने' का सामना करना पड़ रहा है और अगर उसे अमेरिका का एक भरोसेमंद सहयोगी बने रहना है तो उसे अपना रास्ता सुधारना होगा.

ब्रिटेन में हुई एक 18 साल के युवक की हत्या के दोषी विक्रम दिग्वा को लेकर उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर की सरकार पर निशाना साधा था. साथ ही कहा था कि जिस तरीके से ब्रिटेन की ने इस हत्या के मामले में कार्रवाई की है वह प्रवासियों के हमले के कारण तेजी से खत्म होती सभ्यता का नतीजा है.

ताकत के जरिए ही शांति: हेगसेथ

यूरोपीय देशों के साथ अमेरिकी रिश्तों पर हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका नेतृत्व करेगा और उसके 'समर्थ' सहयोगी देशों को भी उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहना होगा. यहां उनका इशारा यूरोपीय देशों के रक्षा बजट और नाटो की ओर था. आगे उन्होंने कहा कि शांति केवल ताकत से हासिल की जा रही है. ट्रंप भी अक्सर नाटो से निकल जाने की धमकियां देते रहे हैं. खासकर ईरान के साथ जारी अमेरिका और इस्राएल की जंग में यूरोपीय देशों का समर्थन ना मिलने के बाद ट्रंप प्रशासन की ये धमकियां तेज होती गई हैं.

जर्मनी, फ्रांस और स्पेन जैसे कई यूरोपीय देशों ने ईरान युद्ध से उचित दूरी बनाए रखी. खासकर इस युद्ध पर जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स के बयान के बाद ट्रंप ने जर्मनी में तैनात अमेरिकी सैनिकों को वापस बुला लेने का फरमान भी जारी कर दिया था.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 07, 2026 06:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).