एजेंसी न्यूज

27 जुलाई की बड़ी खबरें

भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं.

27 जुलाई की बड़ी खबरें
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.अमेरिका और ईरान के बीच हमले रुके, बातचीत के लिए आगे बढ़े

नहीं थमी फ्रांस-स्पेन के जंगलों की आग, हजारों को छोड़ना पड़ा अपना घर

संसद पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान का बीजेपी सांसदों ने किया स्वागत

नेतन्याहू का आरोप, नफरत फैला रहे हैं न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी

नेतन्याहू का आरोप, नफरत फैला रहे हैं न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी

इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया है. नेतन्याहू का यह बयान ममदानी द्वारा उन्हें युद्ध अपराधी कहे जाने पर आया है.

पिछले हफ्ते ममदानी ने कहा था कि अगर नेतन्याहू संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए न्यूयॉर्क आते हैं, तो उन्हें गाजा युद्ध के सिलसिले में गिरफ्तार किया जाना चाहिए. लेकिन इसके बाद, ममदानी ने यह भी स्वीकारा कि न्यूयॉर्क शहर के पास अंतरराष्ट्रीय अदालत के गिरफ्तारी वारंट को लागू करने का कानूनी अधिकार नहीं है. उन्होंने अमेरिकी संघीय सरकार से इसे लागू करने का आग्रह किया था.

नेतन्याहू ने कहा कि वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र की वार्षिक बैठक को संबोधित करने के लिए न्यूयॉर्क जाने की योजना बना रहे हैं. फॉक्स न्यूज चैनल के कार्यक्रम 'संडे मॉर्निंग फ्यूचर्स' में नेतन्याहू ने कहा कि मेयर को सभी न्यूयॉर्क वासियों का प्रतिनिधि होना चाहिए. इसमें यहूदी, ईसाई, मुस्लिम और सभी धर्मों के लोग शामिल हैं. लेकिन नेतन्याहू के अनुसार मेयर एक समूह को दूसरे समूह के खिलाफ खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं.

संसद पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान का बीजेपी सांसदों ने किया स्वागत

पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जब सोमवार, 27 जुलाई को संसद पहुंचे तो एनडीए सांसदों ने “धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद” का नारा लगाकर उनका स्वागत किया. बिहार की दरभंगा लोकसभा सीट से सांसद गोपाल जी ठाकुर ने धर्मेंद्र प्रधान को मिथिला पाग और शॉल पहनाकर स्वागत किया.

धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार, 25 जुलाई को युवाओं के विरोध-प्रदर्शनों के चलते अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. उसके बाद भी कई बीजेपी नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके प्रधान को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी थीं.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 25 जुलाई को लिखा था, “भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए पद से कहीं अधिक महत्वपूर्ण देश, हमारी युवा पीढ़ी और विद्यार्थी हैं. आज केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान जी का अपने पद से इस्तीफा इसी को दर्शाता है.”

नहीं थमी फ्रांस-स्पेन के जंगलों की आग, हजारों को छोड़ना पड़ा अपना घर

सोमवार, 27 जुलाई को दमकलकर्मी लगातार फ्रांस और स्पेन के जंगलों में लगी भीषण आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. अधिकारियों ने फ्रांस के प्रमुख शराब उत्पादक क्षेत्र बोर्दो के आसपास भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है.

जंगल की आग के सामने लाचार होते फ्रांस और स्पेन

इस आग की वजह से लगभग 3.25 लाख से अधिक लोग अपना घर छोड़कर भागने पर मजबूर हुए हैं. फ्रांस में आग के कारण एक विशाल "पायरोक्यूमुलोनिम्बस" या फायर क्लाउड बन गया है. राष्ट्रीय अग्निशमन महासंघ के अनुसार यह बादल अपनी हवा खुद बनाता है. इससे आग और भड़कती है.

स्थिति से निपटने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल माक्रों सोमवार, 27 जुलाई की सुबह एक आपातकालीन कैबिनेट बैठक करेंगे. वहीं स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज पूर्वी क्षेत्र वालेंसिया के प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे. वालेंसिया में नई आग लगने के कारण 15,000 लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं.

सीजेआई बोले, शांतिपूर्ण और कानूनी विरोध प्रदर्शन का अधिकार संवैधानिक रूप से संरक्षित

भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने सोमवार, 27 जुलाई को कहा कि शांतिपूर्ण और कानूनी विरोध प्रदर्शन का अधिकार संवैधानिक रूप से संरक्षित है और आंदोलन मात्र से लाठीचार्ज को उचित नहीं ठहराया जा सकता. कोर्ट ने आगे कहा कि पुलिस की ज्यादतियों के आरोपों की स्वतंत्र रूप से जांच की जानी चाहिए और देशभर में विरोध-प्रदर्शनों को संभालने के लिए समान पुलिस प्रोटोकॉल बनाए जाने चाहिए.

सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहन की बेंच ने उन याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह मौखिक टिप्पणियां कीं, जिनमें आरोप लगाया गया था कि देश भर में पेपर लीक के मुद्दे पर हुए प्रदर्शनों में छात्र-छात्राओं के खिलाफ काफी अधिक बल प्रयोग किया गया. सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि जब तक आंदोलन शांतिपूर्ण है, तब तक पुलिस द्वारा बल प्रयोग नहीं किया जा सकता.

कोर्ट ने विरोध-प्रदर्शनों के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों के परिवारों के एक वकील को भी सुनवाई में हिस्सा लेने की अनुमति दी. जस्टिस बागची ने कहा कि किसी को भी लगी चोट, चाहे वह पुलिसकर्मी हो या स्टूडेंट, बराबर चिंता का विषय है. उन्होंने आगे कहा कि हम सरकार से पूछ सकते हैं कि पुलिस को पर्याप्त उपकरण क्यों नहीं दिए गए, उनके पास हेलमेट होने चाहिए थे.

कानूनी खबरों की वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिक, इन सभी याचिकाओं पर 28 जुलाई को एक साथ सुनवाई होगी.

अमेरिका और ईरान के बीच हमले रुके, बातचीत के लिए आगे बढ़े

अमेरिका और ईरान ने सोमवार, 27 जुलाई को एक-दूसरे पर हमले रोक दिए हैं. इससे खाड़ी देशों के शिपिंग और तेल उद्योग को मिसाइल हमलों से राहत मिली है. संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत माइक वाल्ट्ज ने बताया कि राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप बातचीत को मौका दे रहे हैं.

ईरान ने कहा है कि उसने मध्य पूर्व में अमेरिका के सहयोगियों पर अपने जवाबी हमले रोक दिए हैं. माइक वाल्ट्ज ने 'फॉक्स न्यूज संडे' को बताया कि अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है. हालांकि, डॉनल्ड ट्रंप बातचीत के लिए थोड़ा समय दे रहे हैं.

रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य पर लड़ाई के कारण दोनों देशों के बीच कूटनीतिक प्रयास रुक गए थे. इस दौरान अमेरिका ने हवाई हमले किए और ईरान ने जवाबी कार्रवाई की. इससे संघर्ष क्षेत्रीय सैन्य ठिकानों तक फैल गया था. अमेरिका ने ईरान पर लगातार 13 रातों तक हमले किए थे. लेकिन 24, 25 और 26 जुलाई की रात कोई बमबारी नहीं हुई.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 27, 2026 02:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).