कोडीनार (गुजरात), आठ मार्च केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि इथेनॉल उत्पादक सहकारी चीनी मिल न केवल खाद्य सुरक्षा में योगदान देती हैं, बल्कि देश के पेट्रोलियम आयात बिल को कम करने में भी मदद करती हैं।
शाह ने गुजरात के गिर सोमनाथ और वलसाड जिलों में तीन चीनी मिल के पुनरुद्धार और आधुनिकीकरण कार्य की शुरुआत के बाद यहां कहा कि इन तीन चीनी मिल के पुनरुद्धार से इस क्षेत्र के लगभग 10,000 किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा।
गृह और सहकारिता मंत्री ने बताया कि इनका पुनरुद्धार ‘इंडियन पोटाश लिमिटेड’ के माध्यम से किया जा रहा है, जिसमें 60 प्रतिशत शेयर पूंजी सहकारी समितियों के पास है।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इथेनॉल और बीजों के माध्यम से कई चीनी मिल के साथ ऊर्जा उत्पादन को एकीकृत करके भारत के खाद्यान्न उत्पादक किसानों को ऊर्जा उत्पादक किसानों में बदल दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘इथेनॉल उत्पादक सहकारी चीनी मिल न केवल खाद्य सुरक्षा में योगदान देती हैं, बल्कि देश के पेट्रोलियम आयात बिल को कम करने में भी मदद करती हैं। इससे किसानों को स्थानीय उत्पादकों से वैश्विक जैव ईंधन उत्पादकों में बदलने में मदद मिलेगी और भारत इथेनॉल उत्पादन बढ़ाकर वैश्विक निर्यात बाजार में प्रवेश करेगा।’’
उन्होंने कहा कि किसानों के हित के लिए ‘इंडियन पोटाश लिमिटेड’, राज्य सहकारी बैंक, गुजरात सरकार और केंद्र सरकार साथ आई हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘गन्ने का उत्पादन बढ़ाने के लिए ‘इंडियन पोटाश लिमिटेड’ ने नए प्रकार के बीज, गन्ना कटाई मशीन, ड्रोन के माध्यम से उर्वरक छिड़काव, ड्रिप सिंचाई प्रणाली और यहां तक कि इथेनॉल और गैस उत्पादन के लिए कारखाने भी स्थापित किए हैं।’’
शाह ने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य इन तीनों मिल में गन्ने से इथेनॉल, संपीड़ित बायोगैस और जैविक खाद का उत्पादन करना है।’’
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में कृषि बजट 2013-14 में 22,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 2023-24 में 37 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो छह गुना वृद्धि है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, किसानों को दिए जाने वाले ऋण 8.5 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 25.5 लाख करोड़ रुपये हो गए, जो किसानों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नजरिये को दर्शाता है।
शाह ने कहा कि जहां दुनिया भर में डीएपी (डाय-अमोनियम फॉस्फेट) की कीमत बढ़ रही है, वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने सब्सिडी देकर देश में इसे स्थिर बनाए रखा है।
शाह ने जूनागढ़ जिले के छापराड़ा स्थित ब्रह्मानंद विद्याधाम में एक सैनिक स्कूल भवन, उसके कर्मियों के लिए क्वार्टर तथा जय अम्बे अस्पताल एवं ब्रह्मानंद विद्याधाम अतिथि गृह की विभिन्न इमारतों का भी उद्घाटन किया।
इसके अलावा उन्होंने पूज्य मुक्तानंद बापू मेडिकल कॉलेज एवं शोध संस्थान तथा श्री ब्रह्मानंद विद्यामंदिर संस्कृत शक्ति गुरुकुल की आधारशिला रखी।
शाह ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उन मुद्दों का समाधान किया गया है जो आजादी के बाद से लंबित थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY