ईपीसीईएस ने हरियाणा सरकार से मांगी कुछ जिलों में सेज, ईओयू के आंशिक परिचालन की अनुमति
जमात

नयी दिल्ली, एक मई विशेष आर्थिक क्षेत्रों के लिए निर्यातकों के संगठन (ईपीसीईएस) ने हरियाणा सरकार से कुछ जिलों में विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) और निर्यातोन्मुख इकाइयों (ईओयू) के आंशिक परिचालन की अनुमति देने के लिए कहा है।

ईओयू और सेज के लिए निर्यात संवर्द्धन परिषद (ईपीसीईएस) ने शुक्रवार को इस संबंध में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र लिखा है।

ईपीसीईएस ने कहा कि सेज और ईओयू को अपने आधे से अधिक ऑर्डर गंवाने पड़े हैं। वहीं बचे ऑर्डर पूरा करने के लिए उनके पास नकदी का संकट है।

परिषद के उपाध्यक्ष भुवनेश सेठ ने कहा कि कुंडली में स्थित ईओयू अभी बंद हैं जबकि यह सोनीपत, रसोई और करनाल के हॉटस्पॉट से बहुत दूर है।

उन्होंने राज्य के सात जिलों में स्थित ईओयू और सेज को आंशिक परिचालन की अनुमति देने का आग्रह किया है।

सेठ ने कहा कि स्थानीय प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के चलते ईओयू और सेज अपने ऑर्डर खो रहे हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से 30 प्रतिशत कार्यबल और सभी सुरक्षा उपायों के साथ परिचालन शुरू करने की अनुमति मांगी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)