देश की खबरें | हरियाणा के जिलों में टिड्डी दल का प्रवेश, कृषि मंत्री ने कहा जरूरी कदम उठाए गए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के कृषि मंत्री जे पी दलाल ने रविवार को बताया कि टिड्डियों का दल राज्य के सिरसा, भवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ जिलों में प्रवेश कर चुका है।
चंडीगढ़, 12 जुलाई हरियाणा के कृषि मंत्री जे पी दलाल ने रविवार को बताया कि टिड्डियों का दल राज्य के सिरसा, भवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ जिलों में प्रवेश कर चुका है।
उन्होंने कहा कि टिड्डियों ने शनिवार को इन जिलों में प्रवेश किया और इनमें से कुछ रात में खेतों में पहुंच गए। साथ ही बताया कि इनके खतरे को कम करने के लिए अधिकारी पूरी तरह तैयार रहे और जरूरी कदम उठा लिए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि कृषि विभाग कीटों का मारने के लिए रसायन से भरी दमकल की गाड़ियों और ट्रैक्टर में लगी स्प्रे बंदूकों का इस्तेमाल कर रहा है।
दलाल ने कहा, “मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इन जिलों और पास के जिलों के उपायुक्तों को चौकन्ना रहने का निर्देश दिया है।”
यह भी पढ़े | जम्मू-कश्मीर: सुरक्षाबलों ने सोपोर के रेबन इलाके में एनकाउंटर के दौरान एक आतंकी को किया ढेर, ऑपरेशन जारी.
उन्होंने कहा कि उपायुक्तों को किसानों की फसल को हुए किसी तरह के नुकसान की प्रांरभिक रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है जिसके बाद ‘विशेष गिरद्वारी’ (राजस्व सर्वेक्षण) का आदेश दिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि चूंकि हाल में भी टिड्डी दल के ऐसे हमले हुए थे इसलिए किसानों को भी सतर्क रहने को कहा गया था।
दलाल ने किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार राज्य के किसी भी जिले में टिड्डियों के नजर आने पर सभी जरूरी कदम उठाएगी और कीटों की वजह से उनकी फसल को होने वाले नुकसान की भरपाई करेगी।
इस बीच, कई गांव में टिड्डियों को भगाने के लिए किसानों ने थाली एवं अन्य बर्तन बजाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)