अभ्यास में अपनी अलग अलग गेंदों का इस्तेमाल करेंगे इंग्लैंड के क्रिकेटर
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने कोविड-19 महामारी के कारण अपनी सभी गतिविधियां जुलाई तक निलंबित कर रखी हैं। उन्होंने कहा कि इन गर्मियों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी के लिये 30 क्रिकेटरों को तैयार रखा जाएगा।
लंदन, 15 मई इंग्लैंड के क्रिकेटर वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के खिलाफ पूर्व निर्धारित टेस्ट श्रृंखला से पहले जब अगले सप्ताह अभ्यास पर लौटेंगे तो उनमें से प्रत्येक को खुद के उपयोग के लिये गेंदों का एक बॉक्स सौंपा जाएगा जिन पर वे लार नहीं लगा सकते हैं।
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने कोविड-19 महामारी के कारण अपनी सभी गतिविधियां जुलाई तक निलंबित कर रखी हैं। उन्होंने कहा कि इन गर्मियों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी के लिये 30 क्रिकेटरों को तैयार रखा जाएगा।
अभ्यास सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार ही होगा।
ईसीबी के क्रिकेट निदेशक एशले जाइल्स ने ‘द गार्डियन’ से कहा, ‘‘हमें हालात पर काबू रखना होगा जिससे सुपरमार्केट जाने की तुलना में अभ्यास पर लौटना अधिक सुरक्षित होगा।’’
खिलाड़ी सामाजिक दूरी का नियम सुनिश्चित करने के लिये 11 काउंटी मैदानों पर अलग अलग समय में अभ्यास करेंगे और इस दौरान एक व्यक्ति एक गेंद की नीति भी लागू की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें जितना संभव हो सके जोखिम को कम करना होगा। एक स्थल पर खिलाड़ी अलग अलग अभ्यास कर सकते है लेकिन उनका कोच एक ही होगा जैसे चार या पांच गेंदबाजों के लिये एक कोच होगा। ’’
जाइल्स ने कहा, ‘‘लेकिन सामाजिक दूरी के नियम का पालन करते हुए वे कोई भी चीज एक दूसरे तक पहुंचाने के लिये करीब नहीं आएंगे। इन दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करना जरूरी है। ’’
गार्डियन ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि खिलाड़ी केवल अपने निजी बॉक्स की गेंदों का ही इस्तेमाल कर सकते हैं और जब गेंद का उपयोग नहीं हो रहा हो तब उन्हें वह अपने किट बैग में रखनी होगी।
गेंदबाज बुधवार से अभ्यास शुरू करेंगे जबकि बल्लेबाजों के लिये नेट अभ्यास इसके दो सप्ताह बाद शुरू होगा।
समाचार पत्र ने कहा, ‘‘खिलाड़ियों से कार से यात्रा करने, पानी की चिन्हित की गयी बोतल साथ में रखने, नियमित रूप से हाथ धोने, अभ्यास के तुरंत बाद घर लौटने और घर जाकर नहाने के लिये कहा गया है। ’’
उन्हें अभ्यास से पहले अपने तापमान की भी जांच करवानी होगी। कोच के साथ उन्हें दो मीटर की दूरी बनाये रखनी होगी और केवल फिजियो ही पीपीई किट पहनकर रखेगा।
बल्लेबाज जब नेट पर अभ्यास कर रहा होगा तो उसे स्वयं गेंद नहीं उठानी होगी। उसे जूते से या बल्ले से मारकर उसे कोच तक पहुंचाना होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2020 12:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

