नयी दिल्ली, दो मई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बिहार और झारखंड में सक्रिय दो नक्सली कमांडरों और सात अन्य लोगों के खिलाफ धनशोधन, फिरौती वसूलने और धन उगाही करने के संबंध में आरोपपत्र दाखिल किया है।
ईडी ने एक बयान में कहा कि इस हफ्ते की शुरुआत में पटना की एक विशेष अदालत के समक्ष धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत आरोपपत्र दाखिल किया गया।
इसमें सीपीआई (माओवादी) की बिहार-झारखंड विशेष क्षेत्रीय समिति के क्षेत्रीय कमांडर मुसाफिर साहनी, अनिल राम और सात अन्य के नाम शामिल हैं।
केंद्रीय एजेंसी ने आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की मांग की है, जिसमें बिहार के वैशाली जिले में 11 फ्लैट, मुजफ्फरपुर जिले में पांच प्लॉट, बैंक में जमा रकम, नकद, एक ट्रक और एक मोटरसाइकिल शामिल है।
ईडी ने आरोप लगाया कि उगाही, फिरौती, डकैती और अवैध रूप से जुटाए गए धन के जरिए आरोपियों ने अपने रिश्तेदारों के नाम पर संपत्तियां अर्जित कीं।
बयान के मुताबिक, '' आरोपियों ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचने के लिए छद्म नामों का उपयोग किया और गैरकानूनी तरीके से जुटाए गए धन का इस्तेमाल अन्य सहयोगियों के नाम पर संपत्ति अर्जित करने में किया।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY