देश की खबरें | उत्तराखंड में हर कीमत पर अतिक्रमण हटाया जाएगा : धामी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में अतिक्रमण हर कीमत पर हटाये जाएंगे।

देहरादून, 16 मई उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में अतिक्रमण हर कीमत पर हटाये जाएंगे।

यहां राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से अनौपचारिक बातचीत में धामी ने कहा, ‘‘प्रदेश में जो भी अतिक्रमण है, उन्हें हर कीमत पर हटाया जायेगा। इसके लिये अभियान जारी है और यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सारे अतिक्रमण हट नहीं जाते।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी अपेक्षा है कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने वाले स्वयं उस अतिक्रमण को हटा लें। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने उनसे स्वयं अतिक्रमण हटाने की बात कही भी है।

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के बारे में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में भी जो भी विधि सम्मत होगा, वह किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में अदालत का जो भी निर्देश या निर्णय होगा, उसका अनुपालन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे के बारे में उन्होंने कहा कि उनकी स्वयं भी इच्छा है कि वह प्रदेश में आएं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। सभी प्रदेशवासियों में प्रधानमंत्री जी के दौरे को लेकर उत्सुकता रहती है। मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये की योजनायें प्रदेश के लिए स्वीकृत हुई जो उत्तराखंड से उनके लगाव को दर्शाता है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के चार धामों में तीन धामों— यमुनोत्री, गंगोत्री और बदरीनाथ में यात्रा सुचारू रूप से चल रही है लेकिन केदारनाथ में बार—बार मौसम खराब होने तथा हिमखंड टूटने से मार्ग बाधित होने के कारण यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिये पंजीकरण रोके जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौसम ठीक होने के पश्चात यात्रा सुचारू रूप से चलती है और इस बात की व्यवस्था की जाती है कि सभी यात्रियों को बाबा केदार के दर्शन हों।

प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से अपनी धार्मिक यात्रा का पांच प्रतिशत व्यय स्थानीय उत्पादों पर करने की अपील का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इसके बाद लोगों ने स्थानीय महिला समूहों, छोटे स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाये जा रहे उत्पादों को खरीदना शुरूकर किया है जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार की दिशा में प्रोत्साहन मिल रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\