एजेंसी न्यूज

युवाओं के लिए रोजगार सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा है: मल्लिकार्जुन खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि युवाओं के लिए रोजगार सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा है और उनकी पार्टी सत्ता में आने पर एक ‘‘रोजगार क्रांति’’ लेकर आएगी.

युवाओं के लिए रोजगार सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा है: मल्लिकार्जुन खरगे
Credit- ( ANI, Twitter X )

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि युवाओं के लिए रोजगार सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा है और उनकी पार्टी सत्ता में आने पर एक ‘‘रोजगार क्रांति’’ लेकर आएगी. खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सैकड़ों रैलियों में आपने उनके मुंह से कभी ये नहीं सुना होगा कि उनकी सरकार ने पिछले 10 साल में कितने रोजगार दिए. 10 साल में 20 करोड़ नौकरियां देनी थीं, लेकिन 12 करोड़ से ज्यादा नौकरियां छीन लीं.’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ‘‘युवा न्याय’’ के तहत रोजगार क्रांति लाएगी, ताकि भर्ती परीक्षाओं से नौकरी मिलने तक का सफर हम आसान बना सकें.’’

खरगे ने कांग्रेस की गारंटी गिनाईं, जैसे कि ‘भर्ती भरोसा, जिसके तहत 30 लाख सरकारी नौकरियों के पद भरे जाएंगे. ‘पहली नौकरी पक्की’, जिसमें प्रशिक्षुता के अधिकार के तहत हर डिग्री/डिप्लोमा धारक की पहली नौकरी पक्की व एक साल में एक लाख रुपये मानदेय दिया जाएगा. उन्होंने कहा, ‘‘पेपर लीक से मुक्ति -कांग्रेस नौकरी परीक्षाओं के लिए प्रश्न पत्र लीक होने के मामलों का निपटारा करने के लिए त्वरित अदालतों का गठन करेगी और पीड़ितों को आर्थिक मुआवजा प्रदान करेगी.’’ खरगे ने यह भी कहा कि गिग अर्थव्यवस्था के लिए सामाजिक सुरक्षा भी उपलब्ध करायी जाएगी. उन्होंने कहा, ‘‘हम ‘गिग अर्थव्यवस्था’ में कार्यरत श्रमिकों के अधिकारों के संरक्षण के लिए सामाजिक सुरक्षा का कानून बनाएंगे.’’ यह भी पढ़ें : केंद्रीय मंत्री करंदलाजे पर भाजपा के गढ़ में जीत बरकरार रखने का दबाव

उन्होंने कहा, ‘‘युवा रोशनी - कांग्रेस स्टार्ट-अप के लिए ‘फंड ऑफ फंड्स’ योजना का पुनर्गठन करेगी और उपलब्ध निधि का 50 प्रतिशत, 5,000 करोड़ रुपये, जहां तक संभव हो, देश के सभी जिलों में समान रूप से आवंटित करेगी, ताकि देशभर में 40 वर्ष से कम उम्र के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए धन उपलब्ध कराया जा सके, जिससे वे अपने व्यवसाय को बढ़ा सकें और रोजगार के अवसर पैदा करें.’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इसके अलावा, पार्टी देशभक्त युवाओं पर थोपी गयी अग्निवीर योजना बंद करेगी. उन्होंने कहा, ‘‘व्यापक बेरोजगारी के कारण कांग्रेस सभी छात्र शैक्षिक ऋणों के संबंध में 15 मार्च 2024 तक ब्याज सहित ऋण की देय राशि को माफ करेगी और बैंकों को सरकार द्वारा प्रतिपूर्ति की जाएगी.’’

खरगे ने कहा कि कांग्रेस 21 वर्ष से कम आयु के प्रतिभाशाली और उभरते खिलाड़ियों को प्रति माह 10,000 रुपये की खेल छात्रवृत्ति प्रदान करेगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारी परीक्षाओं और सरकारी पदों के लिए आवेदन शुल्क समाप्त करेगी.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस उन आवेदकों (आकांक्षियों) को एक बार की राहत देगी, जो महामारी के समय एक अप्रैल 2020 से 30 जून 2021 के दौरान सरकारी परीक्षा देने में असमर्थ रहे. खरगे ने कहा, ‘‘अमल करेंगे अपनी हर बात, हाथ बदलेगा हालात.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 21, 2024 04:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).