एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | रोज़गारोन्मुखी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी देश की मूल शक्ति होती है: मोहन यादव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि रोज़गारोन्मुखी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी देश की मूल शक्ति होती है।

देश की खबरें | रोज़गारोन्मुखी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी देश की मूल शक्ति होती है: मोहन यादव

भोपाल, 10 जुलाई मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि रोज़गारोन्मुखी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा किसी भी देश की मूल शक्ति होती है।

वह गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राज्य की राजधानी भोपाल में शासकीय कमला नेहरू संदीपनि विद्यालय के सर्वसुविधायुक्त नए भवन का उद्घाटन करने के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में, दुनिया के कई देशों को भारतीय ज्ञान से लाभ हुआ क्योंकि इसमें 'वसुधैव कुटुम्बकम' की भावना समाहित थी।

उन्होंने कहा, ‘‘वर्तमान में, भारत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में अपने स्वर्णिम काल से गुजर रहा है। मध्यप्रदेश सरकार बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और सभी सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘गुणवत्तापूर्ण और रोज़गारपरक शिक्षा प्रदान करना किसी भी देश की मूल शक्ति होती है तथा इसी के बल पर भारत विश्व का सबसे बड़ा गणराज्य बना है और प्रगति के पथ पर अग्रसर है।’’

मध्यप्रदेश के सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए यादव ने कहा कि राज्य में 369 संदीपनि विद्यालय चल रहे हैं जहां शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है तथा ऐसे संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के केंद्र बनकर उभरे हैं।

यादव ने कहा कि सरकार महू, देवास और नरसिंहपुर के विद्यालयों को बेहतर शैक्षिक प्रबंधन के विकास एवं शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त करने के लिए पांच-पांच लाख रुपये प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को ‘‘कुलगुरु’’ की उपाधि दी गई है, क्योंकि ‘गुरु ही हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं।’

यादव ने समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत स्कूली बच्चों को निःशुल्क साइकिल वितरण के दो दिवसीय अभियान का शुभारंभ करते हुए 50 विद्यार्थियों को प्रतीक स्वरूप निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं। विद्यार्थियों ने अपनी खुशी का इज़हार किया और साइकिल की घंटियां बजाकर यादव का अभिवादन किया।

अभियान के पहले दिन, राज्य भर के विभिन्न जिलों में विद्यार्थियों को 4.30 लाख साइकिलें वितरित की गईं।

मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम में शिक्षकों को भी सम्मानित किया।

स्कूली शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए संदीपनि स्कूलों में सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘नई शिक्षा नीति देश के बेहतर भविष्य के लिए रोज़गारपरक शिक्षा प्रदान करने पर ज़ोर देती है। आज से राज्य स्तर पर बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए साइकिलें वितरित करने का काम शुरू हो रहा है।’’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सत्र शुरू होने से पहले किताबें और ‘यूनिफ़ॉर्म’ भी वितरित कीं तथा विद्यार्थियों को लैपटॉप और दोपहिया वाहन भी वितरित किए जा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 10, 2025 10:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).