जरुरी जानकारी | एक साल पहले की तुलना में दैनिक आधार पर 40-50 गीगावाट बढ़ी बिजली की मांग: आर के सिंह

नयी दिल्ली, पांच सितंबर केंद्रीय बिजली मंत्री आर के सिंह ने देश में बिजली की मांग को आर्थिक वृद्धि की गति से जोड़ते हुए मंगलवार को कहा कि एक साल पहले की तुलना में दैनिक आधार पर मांग 40-50 गीगावाट अधिक है।

उन्होंने यहां ‘भारत में हरित हाइड्रोजन पायलट’ विषय पर आयोजित एक दिन के सम्मेलन में कहा कि भारत में दुनिया के सबसे बड़े हरित हाइड्रोजन विनिर्माताओं में एक बनने की क्षमता है।

सम्मेलन में भारत की सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की कंपनियों ने अपने हरित हाइड्रोजन पायलट का प्रदर्शन किया गया।

बिजली मंत्री ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था अगले 2-3 दशकों तक सात से आठ प्रतिशत की दर से बढ़ेगी। देश की ऊर्जा जरूरतें बहुत बड़ी हैं। हमारी बिजली की मांग अगस्त, 2022 की तुलना में अगस्त, 2023 में 21 प्रतिशत बढ़ गई है।

सिंह ने आगे कहा कि दैनिक आधार पर ‘हमारी बिजली की मांग पिछले साल के इसी दिन की तुलना में लगभग 40-50 गीगावाट अधिक है। यानी हम बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं।’

उन्होंने ऊर्जा के विशाल आयात बिल को कम करने की जरूरत पर जोर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)