एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | बांग्लादेश में अगले साल अप्रैल तक चुनाव होंगे: मुख्य सलाहकार यूनुस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने शुक्रवार को घोषणा की कि देश में आम चुनाव अगले साल अप्रैल की पहली छमाही में होंगे।

विदेश की खबरें | बांग्लादेश में अगले साल अप्रैल तक चुनाव होंगे: मुख्य सलाहकार यूनुस
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

ढाका, छह जून बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने शुक्रवार को घोषणा की कि देश में आम चुनाव अगले साल अप्रैल की पहली छमाही में होंगे।

यह घोषणा पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की ओर से इस साल दिसंबर तक चुनाव कराने की मांग को लेकर हाल ही में किए गए विरोध-प्रदर्शनों के बीच की गई है।

‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार की खबर के मुताबिक, टेलीविजन पर राष्ट्र के नाम संबोधन में यूनुस ने कहा कि निर्वाचन आयोग समय आने पर विस्तृत रूपरेखा पेश करेगा।

उन्होंने कहा, “चुनाव के समय को लेकर जनता और राजनीतिक दलों में काफी उत्सुकता है। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, चुनाव दिसंबर से जून के बीच होंगे। सरकार इस समय सीमा में विश्वसनीय तरीके से चुनाव कराने के लिए अनुकूल माहौल सुनिश्चित करने के वास्ते लगातार काम कर रही है।”

यूनुस ने पिछले साल अगस्त में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के पतन के बाद अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्होंने कहा कि एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और समावेशी चुनाव कराना सरकार की मुख्य जिम्मेदारी है।

यूनुस (84) ने कहा, “हमारा लक्ष्य भविष्य में संभावित संकट को रोकना है। इसके लिए संस्थागत सुधार की जरूरत है। चुनाव प्रक्रिया से सीधे जुड़े संस्थानों में सुशासन सुनिश्चित किए बिना, छात्रों और नागरिकों की ओर से दिए गए सभी बलिदान बेकार हो जाएंगे।”

उन्होंने दोहराया कि मौजूदा प्रशासन का गठन तीन चीजों के लिए किया गया है, जिनमें सुधार, न्याय और चुनाव शामिल हैं।

यूनुस ने कहा, “हमारा मानना ​​है कि आगामी ईद-उल-फितर तक हम न्याय और सुधारों के संबंध में व्यापक रूप से स्वीकार्य स्थिति पर पहुंच जाएंगे, खासतौर पर मानवता के खिलाफ अपराध के लिये जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराकर, जो जुलाई के विद्रोह के शहीदों के प्रति हमारा सामूहिक कर्तव्य है।”

खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने 28 मई को यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार पर दबाव बढ़ाते हुए दिसंबर तक चुनाव कराने की मांग को लेकर ढाका में एक विशाल रैली निकाली थी।

बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान ने लंदन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रैली में शामिल होते हुए कहा था, “आम चुनाव दिसंबर तक हो जाने चाहिए। तैयारियां तुरंत शुरू की जानी चाहिए।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 06, 2025 09:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).