देश की खबरें | चुनाव: भाजपा की जीत प्रधानमंत्री मोदी पर लोगों के ‘अटूट’ विश्वास का सबूत: भाजपा मुख्यमंत्री

नयी दिल्ली, तीन दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने कहा कि रविवार को तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में हुई पार्टी की जीत से पता चलता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में लोगों का ‘‘अटूट’’ विश्वास है। उन्होंने कहा कि लोगों ने कांग्रेस के ‘‘खोखले वादों’’ को खारिज कर दिया।

भाजपा राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जीत की ओर बढ़ रही है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, ‘‘यह कल्याणकारी नीतियों, सुशासन पर जनता की मुहर है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राजस्थान और छत्तीसगढ़ के नतीजों से पता चलता है कि लोगों ने कांग्रेस के खोखले वादों को खारिज कर दिया है।’’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस जीत को ‘‘हैट्रिक’’ और ‘‘मोदी की गारंटी’’ पर ‘‘लोगों के भरोसे की गारंटी’’ बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा की जीत साबित करती है कि लोगों ने विकास के लिए और ‘‘परिवारवाद, जाति और तुष्टीकरण’’ की राजनीति के खिलाफ मतदान किया।

धामी ने कहा, ‘‘लोगों ने अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने परिवारवाद, जाति, तुष्टिकरण और सनातन विरोधी राजनीति को खारिज कर दिया है। यह दर्शाता है कि भाजपा 2024 में भारी जनादेश के साथ नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्रित्वकाल में फिर से सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

धामी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘तीन राज्यों में ‘‘जबरदस्त जीत’’ भी भाजपा प्रमुख जे पी नड्डा के नेतृत्व में करोड़ों समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस ऐतिहासिक जीत पर तीनों राज्यों की जनता और करोड़ों मेहनती पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)