देश की खबरें | चुनाव नतीजों से लोकसभा चुनाव में 350 से ज्यादा सीटों के लक्ष्य को गति मिलती है: हिमंत

गुवाहाटी, तीन दिसंबर चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में से भाजपा को तीन राज्यों में मिली निर्णायक बढ़त के बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि जनादेश सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए अगले साल लोकसभा चुनाव में 350 से अधिक सीटें जीतने की दिशा तय करेगा।

शर्मा ने अक्टूबर और नवंबर में पार्टी के लिए राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में बड़े पैमाने पर प्रचार किया था।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ हमें यह जनादेश देने और माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में अपना विश्वास दोहराने के लिए मैं लोगों को नमन करता हूं।”

उन्होंने कहा, “ये नतीजे लोकसभा में 350 से ज्यादा सीटें सुरक्षित करने के लक्ष्य को गति देंगे, जिससे आदरणीय मोदी जी के लिए तीसरा कार्यकाल सुनिश्चित होगा।”

उन्होंने कहा कि पार्टी को इतना निर्णायक जनादेश देने के लिए भारत के लोगों का आभार प्रकट करते हुए उनके सामने केवल नतमस्तक हुआ जा सकता है।

शर्मा ने एक अन्य पोस्ट में कहा, “नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनेगा और हमारा सनातन पूरे विश्व को आलोकित करेगा। जय हिन्द।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)