देश की खबरें | राष्ट्रपति पद पर मुर्मू का निर्वाचन भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता का प्रमाण: उपराष्ट्रपति नायडू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर द्रौपदी मुर्मू को सोमवार को बधाई दी और कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर उनका निर्वाचन भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता और मजबूती का प्रमाण है।
नयी दिल्ली, 25 जुलाई उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर द्रौपदी मुर्मू को सोमवार को बधाई दी और कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर उनका निर्वाचन भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता और मजबूती का प्रमाण है।
उन्होंने देश के ‘‘प्रथम नागरिक’’ के रूप में उनके सफल कार्यकाल की कामना भी की।
उपराष्ट्रपति कार्याल्य की ओर से किए गए एक ट्वीट में नायडू ने कहा, ‘‘भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण करने पर द्रौपदी मुर्मू जी को हार्दिक बधाई! देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आपका निर्वाचन, भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता तथा मजबूती का प्रमाण है। देश के प्रथम नागरिक के रूप में आपके सफल कार्यकाल के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं!’’
द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को संसद के केंद्रीय कक्ष में देश की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। भारत के प्रधान न्यायाधीश एन. वी. रमण उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलायी।
मुर्मू देश की सबसे युवा और आजादी के बाद जन्मी पहली राष्ट्रपति हैं।
एक अन्य ट्वीट में उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत के राष्ट्रपति के रूप में राम नाथ कोविन्द का विगत पांच वर्षों का कार्यकाल, उनकी विवेकपूर्ण दूरदृष्टि तथा सादगी के लिए याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘सरलता और गर्मजोशी से भरी उनकी आत्मीयता, उनसे मिलने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए एक न भूलने वाला अनुभव थी। उनके और उनके परिवार के स्वस्थ और सुखी जीवन की कामना करता हूं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)