देश की खबरें | फॉर्म 17सी डेटा अपलोड नहीं कर रहा निर्वाचन आयोग: केजरीवाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में विधानसभा चुनाव की मतगणना की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग (ईसी) ने उनकी पार्टी के कई बार अनुरोध करने के बावजूद फॉर्म 17सी अपलोड करने से इनकार कर दिया।
नयी दिल्ली, सात फरवरी दिल्ली में विधानसभा चुनाव की मतगणना की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग (ईसी) ने उनकी पार्टी के कई बार अनुरोध करने के बावजूद फॉर्म 17सी अपलोड करने से इनकार कर दिया।
फॉर्म 17सी में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रति बूथ पर पड़े वोटों का विवरण होता है।
केजरीवाल ने कहा कि इसके जवाब में आम आदमी पार्टी (आप) ने एक वेबसाइट की शुरुआत की है, जहां उसने सभी विधानसभा सीट के लिए फॉर्म 17सी डेटा अपलोड किया है।
‘एक्स’ पर एक पोस्ट में केजरीवाल ने कहा, ‘‘इस फॉर्म में प्रत्येक बूथ पर डाले गए वोटों का पूरा विवरण होता है। हम प्रत्येक विधानसभा और प्रत्येक बूथ के लिए डेटा को एक सारणीबद्ध प्रारूप में प्रस्तुत करेंगे ताकि प्रत्येक मतदाता इस जानकारी तक पहुंच सके।’’
निर्वाचन आयोग की आलोचना करते हुए केजरीवाल ने कहा कि ऐसी पारदर्शिता सुनिश्चित करना उसकी जिम्मेदारी होनी चाहिए थी।
आप नेता केजरीवाल ने कहा, ‘‘पारदर्शिता के हित में निर्वाचन आयोग को यह करना चाहिए था, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह ऐसा करने से इनकार कर रहा है।’’
केजरीवाल के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने कहा, ‘‘चुनाव संचालन नियम, 1961 के नियम 49एस के अनुसार, सभी पीठासीन अधिकारियों ने मतदान के दिन यानी पांच फरवरी, 2025 को मतदान केंद्रों पर मौजूद हर मतदान एजेंट को फॉर्म 17सी में दर्ज वोटों का लेखा-जोखा दिया।’’
उसने कहा, ‘‘दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान हर मतदान केंद्र पर इस नियम का अक्षरशः पालन किया गया है।’’
शफीक अमित
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)