एजेंसी न्यूज

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव की मंज़ूरी दी, 21 मई को होगा मतदान

आयोग द्वारा शुक्रवार को जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार महाराष्ट्र विधान परिषद की 24 अप्रैल को ख़ाली हुई नौ सीटों पर 21 मई को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा और इसी दिन शाम पांच बजे मतगणना होगी।

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव की मंज़ूरी दी, 21 मई को होगा मतदान
जमात

नयी दिल्ली, एक मई चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में विधान परिषद की नौ रिक्त सीटों पर आगामी 21 मई को मतदान कराने का फैसला किया है।

आयोग द्वारा शुक्रवार को जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार महाराष्ट्र विधान परिषद की 24 अप्रैल को ख़ाली हुई नौ सीटों पर 21 मई को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा और इसी दिन शाम पांच बजे मतगणना होगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा की अगुवाई में चुनाव आयुक्त अशोक लवासा तथा सुशील चंद्रा के साथ हुयी वीडिया कांफ्रेंसिंग बैठक में यह फैसला किया गया।

आयोग ने कोरोना संकट को देखते हुये चुनाव कराने पर पूर्व में लगायी गयी पाबंदी में विशिष्ट दिशानिर्देशों के साथ महाराष्ट्र विधान परिषद की रिक्त सीटों पर चुनाव कराने की मंज़ूरी दी है।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने गुरुवार को आयोग से विधान परिषद की रिक्त हुई सीटों पर चुनाव कराने का अनुरोध किया था। इस पर आयोग ने कोरोना संकट के मद्देनज़र चुनाव कराने पर लगाई गई पाबंदी में विशेष परिस्थितियों का हवाला देते हुए ढील दी है। राज्य विधान परिषद के नौ सदस्यों का 24 अप्रैल को कार्यकाल पूरा होने के कारण ये सीटें रिक्त हुई है।

आयोग ने मतदान के दौरान कोरोना संक्रमण से बचने के सभी ऐहतियाती उपाय बरतने को कहा है। आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को इस चुनाव के लिये पर्यवेक्षक नियुक्त करते हुये केन्द्रीय गृह सचिव को मतदान के दौरान कोरोना संक्रमण से बचने के लिये जारी किये गये दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने हेतु एक वरिष्ठ अधिकारी को तैनात करने को कहा है। साथ ही महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को भी मतदान की तैयारियों के दौरान राज्य सरकार के एक अधिकारी को नियुक्त करने को कहा है जो मतदान में कोरोना के संक्रमण रोधी उपाय सुनिश्चित किये जाने की निगरानी करेगा।

आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव द्वारा कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए केंद्रीय दिशानिर्देशों का पालन करते हुए विधान परिषद की रिक्त सीटों पर मतदान कराये जाने का पुख्ता आश्वासन मिलने के बाद चुनाव कराने की अनुमति दी है। विधान परिषद के चुनाव में विधानसभा सदस्य ही मतदान करते है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के 28 मई से पहले राज्य विधानमंडल का सदस्य बनने की संवैधानिक अनिवार्यता को देखते हुए आयोग ने यह फ़ैसला किया है। आयोग के इस फ़ैसले से ठाकरे के लिए विधानमंडल का सदस्य बनने के लिये चुनाव लड़ने का रास्ता साफ़ हो जाएगा ।

संविधान के प्रावधानों के मुताबिक़ उनके लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के छह महीने के भीतर विधान मंडल के किसी सदन का सदस्य होने की अनिवार्य समयसीमा 28 मई को समाप्त हो रही है। ठाकरे ने पिछले साल 28 नवंबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार आगामी चार मई को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होने पर उम्मीदवार नामांकन कर सकेंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 11 मई है और 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जायेगी। उम्मीदवारों के लिये नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 14 मई निर्धारित की गयी है। मतदान और मतगणना 21 मई को कराये जाने के बाद 26 मई से पहले चुनाव प्रक्रिया पूर्ण हो जायेगी।

आयोग ने कहा कि महाराष्ट्र के राज्यपाल और राज्य के विभिन्न राजनीतिक दलों के अनुरोध पर विचार करने और सुरक्षित मतदान कराने के बारे में केन्द्र एवं राज्य सरकार से पुख्ता आश्वासन मिलने के बाद चुनाव कराने का फैसला किया गया है। इसमें केन्द्र सरकार द्वारा 29 अप्रैल को जारी किए गए उस आदेश को भी संज्ञान में लिया गया जिसमें कोरोना संकट के दौरान लागू देशव्यापी लॉकडाउन के कारण देश के विभिन्न इलाकों में फंसे प्रवासी मजदूरों एवं छात्रों को उनके घर वापस भेजने की राज्य सरकारों को अनुमति दी गयी है। इस आदेश का हवाला देते हुये महाराष्ट्र सरकार ने आयोग को सुरक्षित मतदान संबंधी तैयारियां पूरी करने का भरोसा दिलाया है।

आयोग ने कहा कि इससे पहले भी संवैधानिक प्रावधानों की पूर्ति के लिये विशिष्ट परिस्थितियों में चुनाव कराया गया है। इसमें 1991 में पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिंह राव और 1996 में एच डी देवेगौड़ा के संबद्ध सदन के सदस्य के रूप में निर्वाचन के लिये कराये गये उपचुनाव शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2020 05:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).