कर्नाटक में कोरोना वायरस से बुजुर्ग की मौत, 11 नए मामले आए सामने
विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक पूर्व में मृतक की पत्नी भी वायरस से संक्रमित पायी गई थी। उसकी मौत विजयपुरा के विशेष कोविड अस्पताल में हुई।
बेंगलुरु, 14 अप्रैल कर्नाटक के विजयपुरा में रहने वाले 69 वर्षीय व्यक्ति की मौत के साथ ही राज्य में कोरोना वायरस से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर नौ पहुंच गई जबकि 11 और लोगों में इस जानलेवा वायरस की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को बताया कि इन्हें मिलाकर प्रदेश में कोविड-19 पीड़ितों की कुल संख्या 258 पहुंच गयी है।
विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक पूर्व में मृतक की पत्नी भी वायरस से संक्रमित पायी गई थी। उसकी मौत विजयपुरा के विशेष कोविड अस्पताल में हुई।
बीती रात भी दो मरीजों, कलबुर्गी के 55 वर्षीय शख्स और बेंगलुरु शहरी इलाके के 65 वर्षीय व्यक्ति, की मौत हो गई थी।
विभाग के मुताबिक सोमवार शाम से मंगलवार दोपहर तक प्रदेश में संक्रमण के 11 और मामले सामने आए हैं, इसके अलावा एक व्यक्ति की मौत भी हुई है।
अब तक प्रदेश में 258 कोविड-19 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है।
विभाग ने कहा कि इनमें से नौ लोगों की मौत हो चुकी है जकि 65 लोगों को ठीक होने के बाद छुट्टी दी जा चुकी है।
विभाग ने बताया कि संक्रमण के नए मामलों में बागलकोट और कलबुर्गी से तीन-तीन, बेंगलुरु शहरी से दो, चिक्कबल्लापुरा और बेलगावी से एक-एक मामले हैं।
विभाग के मुताबिक 11 नए मरीजों में से सात पहले संक्रमित पाए गए मरीजों के संपर्क में थे।
प्रदेश में संक्रमण के सबसे ज्यादा 80 मामले बेंगलुरु से सामने आए हैं। इसके बाद मैसुरु में 48 और बेलगावी में 18 लोग संक्रमित मिले हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 14, 2020 03:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

