विदेश की खबरें | पाकिस्तान में चेयरलिफ्ट का तार टूटने से छह बच्चों सहित आठ व्यक्ति हवा में फंसे, बचाव अभियान शुरू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एक पहाड़ी इलाके में छह स्कूली बच्चों सहित कम से कम आठ लोगों के लिए बचाव अभियान शुरू किया जो चेयरलिफ्ट का तार टूट जाने से 900 फुट की ऊंचाई पर हवा में फंस गए हैं।
कराची, 22 अगस्त पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एक पहाड़ी इलाके में छह स्कूली बच्चों सहित कम से कम आठ लोगों के लिए बचाव अभियान शुरू किया जो चेयरलिफ्ट का तार टूट जाने से 900 फुट की ऊंचाई पर हवा में फंस गए हैं।
‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ समाचारपत्र की खबर के अनुसार, यह घटना बट्टाग्राम जिले की अल्लाई तहसील में सुबह करीब 8 बजे उस समय हुई जब बच्चे स्कूल जा रहे थे।
अल्लाई तहसील अध्यक्ष मुफ्ती गुलामुल्लाह के अनुसार, चेयरलिफ्ट नदी पार करने के लिए स्थानीय लोगों द्वारा निजी तौर पर संचालित है क्योंकि क्षेत्र में कोई सड़क या पुल नहीं है।
‘जियो न्यूज’ ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के एक बयान का हवाला देते हुए बताया, ‘‘बट्टाग्राम में केबल टूटने के कारण एक चेयरलिफ्ट बीच रास्ते में लगभग 900 फुट की ऊंचाई पर फंस गई है। छह बच्चों सहित आठ लोग फंस गए हैं।’’
खबर में कहा गया है कि पाकिस्तान आर्मी एविएशन और पाकिस्तान वायुसेना के हेलीकॉप्टर विशेष सेवा समूह (एसएसजी) के सैनिकों के साथ बचाव अभियान में लगे हुए हैं।
इसमें कहा गया है कि क्षेत्र में तेज़ हवाओं के कारण बचाव अभियान जटिल है, साथ ही हेलीकॉप्टर के ‘रोटर ब्लेड’ से लिफ्ट और भी अस्थिर हो सकती है।
‘डॉन’ समाचारपत्र की खबर के अनुसार, चेयरलिफ्ट ऊंचे पहाड़ों और चट्टानों से घिरी गहरी खाई के बीच फंसी हुई। झांगरी नदी इसके नीचे बहती है।
अल्लाई के सहायक आयुक्त जवाद हुसैन के अनुसार, स्थानीय प्रशासन ‘रेस्क्यू 1122’ टीम के साथ मौके पर मौजूद है, लेकिन अधिक ऊंचाई और पहाड़ी इलाका होने के कारण बचाव अधिकारियों के लिए राहत अभियान चलाना संभव नहीं था।
वहीं चेयरलिफ्ट में फंसे 20 वर्षीय गुलफराज ने ‘जियो न्यूज’ को फोन पर बताया कि उनके पास चेयरलिफ्ट में पीने का पानी भी नहीं है। उसने बताया कि हृदय रोग से पीड़ित 16 वर्ष का एक किशोर पिछले तीन घंटे से बेहोश है। गुलफराज ने बताया कि किशोर चेयरलिफ्ट से अस्पताल जा रहा था। गुलफराज ने कहा कि पहला तार सुबह सात बजे टूटा जबकि उसके तुरंत बाद दूसरा तार टूट गया। उन्होंने कहा कि यात्री सुबह से ही मदद का इंतजार कर रहे हैं।
इस बीच, अधिकारियों को चेयरलिफ्ट में फंसे सभी लोगों को बचाने का निर्देश देते हुए, अंतरिम प्रधानमंत्री अनवारुल हक काकड़ ने राष्ट्रीय और प्रांतीय आपदा प्रबंधन अधिकारियों को सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने के लिए कहा और पहाड़ी क्षेत्रों में केबल कार के लिए सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘बट्टग्राम, खैबर पख्तूनख्वा में चेयरलिफ्ट दुर्घटना वास्तव में चिंताजनक है।’’
‘डॉन’ समाचारपत्र की खबर के अनुसार, एक स्थानीय स्कूल शिक्षक जफर इकबाल ने बताया कि इलाके में सड़क सुविधा की कमी के कारण हर दिन कम से कम 150 छात्र केबल कार से स्कूल तक खतरनाक सफर करते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)