देश की खबरें | पिथौरागढ़ के थल में जीप के खाई में गिरने से आठ लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने जताई संवेदना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के थल क्षेत्र में मंगलवार को एक जीप के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार आठ लोगों की मौत हो गयी और पांच अन्य घायल हो गए।
पिथौरागढ़, 15 जुलाई उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के थल क्षेत्र में मंगलवार को एक जीप के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार आठ लोगों की मौत हो गयी और पांच अन्य घायल हो गए।
राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दुर्घटना पर दुख जताया तथा पीड़ितों के परिजन को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की ।
थल के पुलिस थाना प्रभारी शंकर सिंह रावत ने बताया कि यह दुर्घटना मुवानी के सुनी गांव में हुई जहां बोक्टा गांव जा रही जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
रावत ने बताया कि दुर्घटना में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया ।
रावत ने बताया कि घायलों को खाई से निकालकर मुवानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पिथौरागढ़ के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र सिंह महर ने बताया कि मृतकों के शवों को खाई से निकाल लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मृतकों में पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। वाहन चालक भी मृतकों में शामिल है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना का शिकार हुए सभी व्यक्ति स्थानीय थे और मुवानी बाजार से अपने गांव लौट रहे थे।
पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने बताया कि प्रथमदृष्टया दुर्घटना का कारण चालक की लापरवाही तथा वाहन में क्षमता से अधिक सवारियों का होना प्रतीत हो रहा है ।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ‘‘पिथौरागढ़ सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री जी द्वारा व्यक्त की गयी संवेदना एवं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रदान की गयी आर्थिक सहायता से शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल मिलेगा।’’
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार भी मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये एवं घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की सहायता देगी ।
धामी ने कहा कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों के साथ मजबूती से खड़ी है और घायलों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 16, 2025 12:00 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

