देश की खबरें | आठ अधिकारियों ने ‘आप’ सरकार पर उत्पीड़न का आरोप लगाया: उपराज्यपाल कार्यालय
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में तैनात आठ अधिकारियों ने अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा 'घोर उत्पीड़न' का आरोप लगाया है। उपराज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों ने शनिवार को यह दावा किया।
नयी दिल्ली, 20 मई दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में तैनात आठ अधिकारियों ने अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा 'घोर उत्पीड़न' का आरोप लगाया है। उपराज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों ने शनिवार को यह दावा किया।
अधिकारियों द्वारा लगाए गए उत्पीड़न के आरोप पर दिल्ली सरकार या सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
उपराज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों ने कहा कि इस साल की शुरुआत में दो शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जबकि छह शिकायतें 11 मई के बाद प्राप्त हुईं है। गौरतलब है कि 11 मई को ही उच्चतम न्यायालय ने पुलिस, भूमि और सार्वजनिक व्यवस्था को छोड़कर सेवा मामलों का नियंत्रण दिल्ली की निर्वाचित सरकार को दे दिया था।
दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि अगर कोई शिकायत है तो, उसे देखने के बाद ही आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया दी जा सकती है।
उत्पीड़न का आरोप लगाने वाले अधिकारियों की ओर से भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
अधिकारियों के अनुसार ‘आप’ सरकार के खिलाफ शिकायत करने वालों में पांच आईएएस अधिकारी भी शामिल हैं। ये अधिकारी मुख्य सचिव नरेश कुमार, पूर्व सेवा सचिव आशीष मोरे, विशेष सचिव किन्नी सिंह और वाईवीवीजे राजशेखर और ऊर्जा सचिव शूरबीर सिंह हैं।
इसके अलावा, आईपीएस अधिकारी मधुर वर्मा, आईआरएस अधिकारी कुणाल कश्यप, तदर्थ दानिक्स अधिकारी अमिताभ जोशी ने भी शिकायत की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)