तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में आठ प्रवासी श्रमिकों की मौत
प्रदेश के सागर, गुना और बड़वानी जिलों में शनिवार को तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गये।
भोपाल, 16 मई मध्यप्रदेश में शनिवार को तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में आठ प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गयी।
प्रदेश के सागर, गुना और बड़वानी जिलों में शनिवार को तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गये।
सागर के पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि सागर के पास शनिवार सुबह हुए हादसे में घायल लोगों में से एक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी। इसके साथ ही इस हादसे में मरने वालों की संख्या पांच से बढ़कर छह हो गयी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण भूरिया ने बताया कि ये प्रवासी श्रमिक ट्रक से महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में अपने घर जा रहे थे। यह ट्रक सागर-कानपुर रोड पर जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर सेमरा पुल के पास पलट गया। इस हादसे में पांच प्रवासी श्रमिकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि 19 अन्य घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिए बंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एएसपी ने बताया कि ट्रक में कपड़े के बंडल लदे थे जिस पर ये प्रवासी श्रमिक बैठे थे।
इसबीच, हादसे में बची एक महिला ने बताया कि तीन परिवार मुम्बई के नाला सोपरा इलाके से ट्रक में आ रहे थे और उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में अपने घर जा रहे थे।
एक अन्य हादसे में गुना जिले में भदोरा के पास एक टेम्पो पलट जाने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी।
अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) शिवानी गर्ग ने बताया कि लॉकडाउन के कारण प्रतापगढ़ (उप्र) में फंसा धारावी, मुम्बई का रहने वाला एक परिवार प्रतापगढ़ से मुम्बई वापस लौट रहा था तब एक बाइक को बचाने के प्रयास में उनका वाहन शनिवार दोपहर को पलट गया। इस हादसे में 45 वर्षीय शराफत अली की मौत हो गयी और 11 अन्य घायल हो गये जिनमें दो की हालत गंभीर है।
नागलवाड़ी पुलिस थाने के प्रभारी मजहर खान ने बताया कि बडवानी जिले में शनिवार दोपहर को आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर गवघाटी के पास एक ट्रक को पीछे से एक अन्य वाहन ने टक्कर मार दी। इससे ट्रक में सवार आजमगढ़ (उप्र) के रहने वाले अनिकेत ठाकुर (22) की मौत हो गयी। मृतक जिस ट्रक में सवार था वह 45 प्रवासी श्रमिकों को मुम्बई से आजमगढ़ ले जा रहा था।
खान ने बताया कि हादसे में घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी है। पुलिस दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
सं दिमो
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 08:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

