देश की खबरें | मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल-सिसी भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल-सिसी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर मंगलवार को यहां पहुंचे। उनकी यात्रा के दौरान कृषि, डिजिटल क्षेत्र और व्यापार सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने पर प्रमुख रूप से जोर दिया जाएगा।
नयी दिल्ली, 24 जनवरी मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल-सिसी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर मंगलवार को यहां पहुंचे। उनकी यात्रा के दौरान कृषि, डिजिटल क्षेत्र और व्यापार सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने पर प्रमुख रूप से जोर दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सिसी (68) बुधवार को कई विषयों पर चर्चा करेंगे।
वार्ता के बाद, दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में संबंध बढ़ाने के लिए आधे दर्जन समझौतों पर हस्ताक्षर किये जाने की उम्मीद है। विषय से अवगत अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सिसी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। उनके साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा, जिनमें पांच मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
मिस्र के राष्ट्रपति ने तीसरे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए अक्टूबर 2015 में भारत की यात्रा की थी, जिसके बाद सितंबर 2016 में उन्होंने राजकीय यात्रा की थी।
यह पहला मौका है जब मिस्र के राष्ट्रपति को गणतंत्र दिवस समारोहों में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। मिस्र की सेना की एक टुकड़ी भी गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेगी।
मोदी के साथ वार्ता से पहले बुधवार को राष्ट्रपति भवन में सिसी का परंपरागत स्वागत किया जाएगा। विदेश मंत्री एस जयशंकर भी सिसी से मिलेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)