देश की खबरें | मिस्री ने प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा के बारे में संसदीय समिति को जानकारी दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विदेश सचिव विक्रम मिस्री द्वारा बुधवार को यहां एक संसदीय समिति को दी गई जानकारी के केंद्र में भारत-अमेरिका संबंध रहे।
नयी दिल्ली, 19 फरवरी विदेश सचिव विक्रम मिस्री द्वारा बुधवार को यहां एक संसदीय समिति को दी गई जानकारी के केंद्र में भारत-अमेरिका संबंध रहे।
सूत्रों ने बताया कि मिस्री ने विदेश मामलों की स्थायी समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि भारत सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रही है कि निर्वासितों के साथ दुर्व्यवहार न हो।
समिति के अध्यक्ष शशि थरूर ने कहा कि यह एक ‘‘बहुत विस्तृत ब्रीफिंग’’ थी तथा उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया अमेरिका यात्रा के मद्देनजर चर्चा मुख्य रूप से उस देश पर केंद्रित थी।
थरूर ने कहा कि बैठक का एजेंडा ‘‘विदेश नीति से जुड़ा वर्तमान घटनाक्रम’’ था।
कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री की यात्रा के संदर्भ में भारत-अमेरिका संबंधों से संबंधित हर सवाल किया गया, चर्चा की गई और विदेश सचिव ने सभी आवश्यक जवाब दिए।’’
उन्होंने कहा कि कतर के अमीर की भारत यात्रा सहित मौजूदा घटनाक्रम से जुड़े अन्य मुद्दों पर समिति की अगली बैठक में चर्चा की जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि निर्वासन पर मिस्री की टिप्पणी विदेश मंत्री एस जयशंकर द्वारा 6 फरवरी को संसद में दिए बयान से मेल खाती है।
जयशंकर ने कहा था कि निर्वासन की प्रक्रिया नयी नहीं है और यह कई वर्षों से जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका के साथ बातचीत कर रही है कि निर्वासित भारतीयों के साथ दुर्व्यवहार न हो।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)