देश की खबरें | ईडी ने बीजद के युवा नेता पर अवैध खनन, परिवहन से जुड़े धनशोधन प्रकरण में मामला दर्ज किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) के युवा नेता राजा चक्र के खिलाफ राज्य में उनके और उनके सहयोगियों से जुड़े परिवहन, खनन एवं शराब व्यवसाय में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए धनशोधन का मामला दर्ज किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर/नयी दिल्ली, 11 जुलाई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) के युवा नेता राजा चक्र के खिलाफ राज्य में उनके और उनके सहयोगियों से जुड़े परिवहन, खनन एवं शराब व्यवसाय में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए धनशोधन का मामला दर्ज किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
संघीय जांच एजेंसी ने इस मामले में बृहस्पतिवार को क्योंझर और भुवनेश्वर में भी तलाशी ली। सूत्रों ने बताया कि जिन परिसरों की तलाशी ली गई उनमें सौम्य शंकर चक्र उर्फ राजा चक्र और उनसे जुड़ी संस्थाओं से संबंधित कार्यालय और घर शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि धनशोधन का मामला ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की एक प्राथमिकी से संबंधित है, जो राज्य में परिवहन, खनन और शराब व्यवसायों में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में उनके खिलाफ जांच कर रही है।
सूत्रों ने कहा कि बीजद के प्रभावशाली युवा नेता चक्र वर्तमान में ईओडब्ल्यू मामले में जेल में बंद हैं।
उन्होंने बताया कि ईडी ने इस मामले में ओडिशा के राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों सहित कुछ प्रभावशाली लोगों की भागीदारी की संभावना को देखते हुए धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दिल्ली स्थित मुख्यालय जांच इकाई में मामला दर्ज किया है, न कि भुवनेश्वर स्थित अपनी क्षेत्रीय इकाई में।
यह जांच गंधमर्दन लोडिंग एजेंसी और ट्रांसपोर्टिंग कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, क्योंझर से सार्वजनिक धन के ‘‘बड़े पैमाने पर’’ गबन से संबंधित है।
चक्र सोसाइटी के पदाधिकारी नहीं थे, लेकिन ईडी की जांच में पाया गया कि वह सोसाइटी के रोजमर्रा के फैसलों को ‘‘प्रभावित’’ और ‘‘नियंत्रित’’ करते थे।
एजेंसी ने पाया कि चक्र और उनकी ‘‘बेनामी’’ संस्थाओं के स्वामित्व वाले 70 से अधिक वाहनों का उपयोग अवैध खनन और परिवहन के लिए किया जा रहा था, जिनमें से ज्यादातर की पंजीकरण संख्या का अंत ‘21’ से होता था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 08:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

