देश की खबरें | ईडी ने डीजेबी, एनबीसीसी अधिकारियों के परिसरों पर छापेमारी की, भ्रष्टाचार का मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को बताया कि उसने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की निविदा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के दो अलग-अलग मामलों की जांच के संबंध में धन शोधन का मामला दर्ज किया है। इस संबंध में डीजेबी के साथ-साथ नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (एनबीसीसी) के कर्मचारियों और कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर छापेमारी भी की गई।
नयी दिल्ली, 25 जुलाई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को बताया कि उसने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की निविदा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के दो अलग-अलग मामलों की जांच के संबंध में धन शोधन का मामला दर्ज किया है। इस संबंध में डीजेबी के साथ-साथ नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन (एनबीसीसी) के कर्मचारियों और कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर छापेमारी भी की गई।
ईडी ने एक बयान में बताया कि सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, केरल और तमिलनाडु में 16 ठिकानों पर छापेमारी की गई।
यह ठिकाने डीजेबी, एनबीसीसी और निजी संस्थानों से संबंधित थे, जहां छापेमारी की गई।
संघीय जांच एजेंसी ने बताया, ''ईडी डीजेबी की निविदा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के दो अलग-अलग मामलों की जांच कर रही है।''
एजेंसी ने बताया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा द्वारा दाखिल एफआईआर पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी ने कुछ दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए हैं।
बताया जाता है कि ईडी की जांच डीजेबी से 20 करोड़ रुपये के कथित गबन मामले में दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार रोधी शाखा (एसीबी) द्वारा नवंबर 2022 में दर्ज प्राथमिकी पर आधारित है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)