देश की खबरें | 400 करोड़ रुपये के 'अवैध' विदेशी धन प्रेषण मामले में ईडी की छापेमारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को कहा कि उसने सोने, हीरे और कीमती रत्नों के फर्जी आयात के बदले करीब 400 करोड़ रुपये के कथित अवैध विदेशी धन प्रेषण से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में छापेमारी की है।

नयी दिल्ली, 10 मार्च प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को कहा कि उसने सोने, हीरे और कीमती रत्नों के फर्जी आयात के बदले करीब 400 करोड़ रुपये के कथित अवैध विदेशी धन प्रेषण से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में छापेमारी की है।

ये छापे सात मार्च को मारे गए।

संघीय जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि धन शोधन का मामला जयपुर स्थित एक निर्दिष्ट अदालत के समक्ष सीमा शुल्क विभाग द्वारा दायर आरोपपत्र से उत्पन्न हुआ है।

इसमें कहा गया है कि धन शोधन रोधी अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत राजस्थान के जयपुर, अजमेर और उदयपुर के अलावा नोएडा (उत्तर प्रदेश) और मुंबई (महाराष्ट्र) में सोलह स्थानों पर छामेमारी की गई।

सीमा शुल्क विभाग ने पाया कि ‘‘लगभग 400 करोड़ रुपये की धनराशि कई फर्जी कंपनियों के माध्यम से बेलस्टार टेक्नो सॉल्यूशन (ओपीसी) प्राइवेट लिमिटेड और विजुअल बर्ड टेक्नोलॉजी के विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से हांगकांग और संयुक्त अरब अमीरात स्थित विभिन्न विदेशी संस्थाओं को भेजी गई।’’

ईडी के अनुसार, ‘‘यह उन सेवाओं के आयात की आड़ में किया गया था जो कभी प्राप्त नहीं हुईं। हालांकि, सोने, हीरे और कीमती रत्नों के अवैध आयात के बदले धन भारत के बाहर भेजा गया।’’

एजेंसी ने छापेमारी के दौरान 10 लाख रुपये नकद, ‘‘अपराध साबित करने वाले’’ रिकॉर्ड और डिजिटल उपकरण जब्त किए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\