एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | परमेश्वर के खिलाफ ईडी के छापे कांग्रेस में गुटबाजी का नतीजा : प्रह्लाद जोशी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दावा किया कि कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के भीतर गुटबाजी का नतीजा है।

देश की खबरें | परमेश्वर के खिलाफ ईडी के छापे कांग्रेस में गुटबाजी का नतीजा : प्रह्लाद जोशी

गदग (कर्नाटक), 23 मई केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दावा किया कि कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के भीतर गुटबाजी का नतीजा है।

जोशी ने कहा कि कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस के एक गुट ने ईडी को सारी जानकारी मुहैया कराई थी, जिसके कारण परमेश्वर से जुड़े ठिकानों पर छापे मारे गए।

ईडी ने बुधवार और बृहस्पतिवार को 16 जगहों पर छापे मारे, जिनमें से कुछ परमेश्वर से जुड़े हुए थे। इनमें सिद्धार्थ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और सिद्धार्थ मेडिकल कॉलेज शामिल हैं।

कन्नड़ फिल्म अभिनेत्री हर्षवर्धिनी रान्या, जिन्हें रान्या राव के नाम से भी जाना जाता है, से जुड़े सोने की तस्करी के मामले में ये छापे मारे गए।

ईडी को संदेह है कि रान्या के क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान करने के लिए परमेश्वर के एक संस्थान से 40 लाख रुपये जारी किए गए थे।

जोशी ने गदग में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ईडी को कार्रवाई करने के लिए किसने लिखा? कांग्रेस के एक गुट ने परमेश्वर के खिलाफ सारी जानकारी ईडी को भेजी और अब वे यहां नाटक कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं परमेश्वर का सम्मान करता हूं- वह एक सभ्य नेता हैं। मुद्दा यह है कि ईडी इसलिए जांच कर रही है क्योंकि शिकायतें थीं। कांग्रेस के एक गुट ने ईडी में शिकायत दर्ज कराई थी।’’

जोशी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को उस गुट के बारे में पता है, जिसने ईडी को शिकायत भेजी थी।

उन्होंने कहा, ‘‘सिद्धरमैया से पूछिए-वह आपको बताएंगे। उनके नियंत्रण में खुफिया शाखा है। क्या आप सिर्फ दिखावा कर रहे हैं सिद्धरमैया जी?’’

जोशी ने कहा कि ईडी कानून के अनुसार काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छापे इसलिए नहीं मारे जा रहे हैं, क्योंकि परमेश्वर गृह मंत्री या कांग्रेस नेता हैं, बल्कि इसलिए मारे जा रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस के भीतर एक गुट ने शिकायत की थी।

रान्या राव को तीन मार्च को दुबई से आने के बाद बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया था।

एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए डीआरआई अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लिया और उनके पास से 14.2 किलोग्राम वजन की सोने की छड़ें जब्त कीं, जिनकी कीमत 12.56 करोड़ रुपये से अधिक है।

रान्या डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) रैंक के अधिकारी के रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2025 02:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).