देश की खबरें | विपक्षी दलों को प्रताड़ित करने के लिए ईडी का दुरुपयोग हो रहा है : कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्षी दलों को प्रताड़ित करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का दुरुपयोग कर रही है।
नयी दिल्ली, तीन अगस्त कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्षी दलों को प्रताड़ित करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का दुरुपयोग कर रही है।
लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने यह दावा भी किया कि यह जांच एजेंसी विपक्षी दलों को बर्बाद करने के लिए भाजपा सरकार का औजार बन चुकी है।
उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब ईडी ने मंगलवार को ‘नेशनल हेराल्ड’ अखबार से जुड़े कई स्थानों पर छापेमारी की थी। इस विषय को लेकर कांग्रेस सदस्यों ने बुधवार को लोकसभा में भारी हंगामा किया।
चौधरी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘सत्ताधारी दल हमें ईडी का विषय सदन में नहीं उठाने दे रहा है। सरकार इस बात से क्यों डरी हुई है कि हम संसद में अपनी बात रखें।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज आजादी की लड़ाई की आवाज रहे ‘नेशनल हेराल्ड’ की छवि खराब करने का प्रयास हो रहा है। ईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है और हमारे खिलाफ साजिश रची गई है।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को प्रताड़ित किया जा रहा है और राज्यों में विपक्ष की सरकारों को ईडी का दुरुपयोग करके अस्थिर किया जा रहा है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)