देश की खबरें | ईडी ने लखनऊ के शाइन समूह के खिलाफ धन शोधन मामले में महिला को गिरफ्तार किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने निवेशकों से करीब 800-1,000 करोड़ रुपये की कथित ठगी करने को लेकर लखनऊ की एक कंपनी के खिलाफ धन शोधन की जांच के सिलसिले में शनिवार को एक महिला को गिरफ्तार किया।

नयी दिल्ली, 25 नवंबर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने निवेशकों से करीब 800-1,000 करोड़ रुपये की कथित ठगी करने को लेकर लखनऊ की एक कंपनी के खिलाफ धन शोधन की जांच के सिलसिले में शनिवार को एक महिला को गिरफ्तार किया।

केंद्रीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि शाइन सिटी धोखाधड़ी मामले में मुख्य आरोपी राशिद नसीम की मदद करने वाली शशिबाला नाम की महिला को हिरासत में ले लिया गया है।

बयान में कहा गया है कि नसीम फरार है।

बयान के अनुसार, धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज मामलों का निपटारा करने वाली एक विशेष अदालत ने आरोपी महिला को 30 नवंबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया।

एजेंसी ने कहा है कि शशिबाला अपराध से हासिल रकम को छिपाने और धन शोधन करने में नसीम की सहायता कर रही थी।

नसीम की विश्वस्त शशिबाला उससे और ग्राहकों से व्हाट्सऐप के जरिये निरंतर संपर्क में थी तथा एजेंसी द्वारा छापेमारी किये जाने के समय तक धन शोधन करने में लगातार शामिल रही थी।

लखनऊ, वाराणसी, मुंबई और दिल्ली में 18 स्थानों पर शुक्रवार को एजेंसी के छापेमारी करने के बाद यह कार्रवाई की गई। यह छापेमारी शाइन सिटी के लिए काम करने वाले एजेंटों के आवास पर की गई।

धन शोधन का यह मामला उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा नसीम और शाइन समूह कंपनी समूह के खिलाफ दर्ज करीब 250 प्राथमिकियों से उपजा है। ये प्राथमिकियां, निवेश के नाम पर लोगों से करीब 800-1,000 करोड़ रुपये कथित तौर पर जुटाने और बाद में धोखाधड़ी करने से संबद्ध है।

एजेंसी की जांच में पाया गया शाइन सिटी के लिए काम करने वाले एजेंटों ने निवेशकों को प्रलोभन दिया तथा कंपनी और इसके प्रवर्तकों को अपराध से धन अर्जित करने में मदद की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now