सट्टेबाजी पोर्टल के खिलाफ धनशोधन के मामले में ED ने दो लोगों को गिरफ्तार किया
प्रवर्तन निदेशालय ने एक वेबसाइट के खिलाफ धन शोधन के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. यह वेबसाइट 2023 के लोकसभा चुनाव परिणामों पर कथित तौर पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के अलावा आईपीएल क्रिकेट मैचों के अवैध प्रसारण में लिप्त थी.
नयी दिल्ली, 13 फरवरी : प्रवर्तन निदेशालय ने एक वेबसाइट के खिलाफ धन शोधन के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. यह वेबसाइट 2023 के लोकसभा चुनाव परिणामों पर कथित तौर पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के अलावा आईपीएल क्रिकेट मैचों के अवैध प्रसारण में लिप्त थी. एजेंसी के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी.
सूत्रों ने बताया कि फेयरप्ले के प्रौद्यौगिकीय एवं सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट की देखरेख करने वाले चिराग शाह और चिंतन शाह को मुंबई में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हिरासत में लिया गया. केंद्रीय एजेंसी ने पहले कहा था कि फेयरप्ले ‘‘क्रिकेट/आईपीएल मैचों के अवैध प्रसारण और लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों सहित विभिन्न ऑनलाइन सट्टेबाजी गतिविधियों’’ में शामिल थी. यह भी पढ़ें : इलाहाबादिया विवाद: महाराष्ट्र साइबर प्रकोष्ठ और मुंबई पुलिस ने समय रैना को समन भेजा
धन शोधन का मामला मुंबई पुलिस साइबर सेल की प्राथमिकी से उपजा है, जो फेयरप्ले स्पोर्ट एलएलसी एवं अन्य के खिलाफ 100 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व का नुकसान पहुंचाने के आरोप में वायकॉम18 मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की शिकायत पर दर्ज की गई थी. ईडी ने कहा था कि जांच से पता चला है कि कृष लक्ष्मीचंद शाह अपने सहायकों की मदद से दुबई से फेयरप्ले का संचालन करता है . इनमें चिराग एवं चिंतन के अलावा सिद्धांत शंकरन अय्यर ऊर्फ जॉय पाल शामिल हैं. अय्यर फेयरप्ले के आर्थिक मामलों को संभालता है. इस मामले में ईडी पहले ही 331 करोड़ रुपये की संपत्ति संबद्ध कर चुकी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 13, 2025 03:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

