लॉकडाउन में सुगम अंतरराज्यीय माल ढुलाई सुनिश्चित की जाए :गृह मंत्रालय ने राज्यों से कहा
गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने संवाददाताओं से कहा कि मंत्रालय ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के साथ परामर्श करके टोल फ्री नंबर '1930' जारी किया है जिस पर ट्रक संचालक शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
नयी दिल्ली, चार मई केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों से राज्यों के बीच ट्रकों और माल वाहक वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कहा। मंत्रालय ने कहा कि लॉकडाउन के बीच में अर्थव्यवस्था के पहियों को रफ्तार देना तथा जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति करना आवश्यक है।
गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने संवाददाताओं से कहा कि मंत्रालय ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के साथ परामर्श करके टोल फ्री नंबर '1930' जारी किया है जिस पर ट्रक संचालक शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि ट्रक किसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे हैं तो वे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की हेल्पलाइन ‘1033’ पर संपर्क कर लॉकडाउन के संबंध में कोई भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
श्रीवास्तव ने कहा कि मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से अनुरोध किया है कि ट्रकों तथा माल ढुलाई में लगे अन्य वाहनों की राज्यों के बीच आवाजाही में कोई रुकावट नहीं आए क्योंकि आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति करने तथा आर्थिक गतिविधियों को मजबूती प्रदान करने के लिए इनका चलना जरूरी है।
श्रीवास्तव ने कहा कि यह नियंत्रण कक्ष का नंबर '1930' सातों दिन 24 घंटे कार्यरत है और तीन मई तक 12,000 शिकायतों का निस्तारण इससे किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों के कोविड-19 से संक्रमित होने के बढ़ते मामलों को देखते हुए मंत्रालय ने पुलिस अनुसंधान और विकास ब्यूरो तथा स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ परामर्श करके ड्यूटी करने के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिहाज से दिशा-निर्देश जारी किये हैं।
उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को परामर्श जारी करके उनका ध्यान कार्यस्थल पर सुरक्षा के संबंध में स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों और मानक परिचालन प्रक्रियाओं की ओर आकृष्ट किया है।
श्रीवास्तव ने कहा कि मंत्रालय ने राज्यों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि अंतरराज्यीय माल ढुलाई में कोई समस्या नहीं आनी चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 08:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

