देश की खबरें | डूसू चुनाव: प्रमुख उम्मीदवारों का परिचय

नयी दिल्ली, 21 सितंबर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव तीन साल बाद शुक्रवार को होंगे। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं संयुक्त सचिव पदों के लिए 24 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), कांग्रेस से संबद्ध नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई), माकपा समर्थित स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और सीपीआई-एमएल (लिबरेशन) से संबद्ध ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने चारों पदों पर उम्मीदवार उतारे हैं।

कुछ प्रमुख उम्मीदवारों का परिचय इस प्रकार है:

एनएसयूआई: इसने अध्यक्ष पद के लिए लॉ सेंटर-1 के अंतिम वर्ष के छात्र हितेश गुलिया को मैदान में उतारा है। गुलिया (23) ने शहीद भगत सिंह कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की है।

एनएसयूआई की ओर से अभी दहिया उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं। दहिया (24) वर्तमान में बौद्ध अध्ययन में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहे हैं।

एनएसयूआई ने सचिव पद के लिए 24 वर्षीय यक्षना शर्मा को मैदान में उतारा है। हिंदू कॉलेज से स्नातक, शर्मा कैंपस लॉ सेंटर में एलएलबी की अंतिम वर्ष की छात्रा हैं।

संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी शुभम कुमार चौधरी ने कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज से स्नातक की है और फिलहाल बौद्ध अध्ययन में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहे हैं।

एबीवीपी: इसने अध्यक्ष पद के लिए तुषार डेढ़ा को मैदान में उतारा है। डेढ़ा ने सत्यवती कॉलेज से स्नातक की है। वह बौद्ध अध्ययन में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहे हैं। वह 2015 में एबीवीपी में शामिल हुए थे। उन्होंने 2016 में सत्यवती कॉलेज में कॉलेज सांस्कृतिक समन्वयक का चुनाव जीता था। वह डूसू में कार्यकारी परिषद के सदस्य भी थे।

एबीवीपी ने उपाध्यक्ष पद के लिए सुशांत धनखड़ को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने सत्यवती कॉलेज से बीए (ऑर्नस) अंग्रेजी किया है। हरियाणा के रहने वाले धनखड़ फिलहाल बौद्ध अध्ययन में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहे हैं। वह राज्य स्तरीय शूटिंग चैम्पियन भी हैं।

एबीवीपी ने सचिव पद के लिए अपराजिता को मैदान में उतारा है। वह उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली हैं और उन्होंने दयाल सिंह कॉलेज से बीए (ऑनर्स) इतिहास किया है। वह वर्तमान में बौद्ध अध्ययन में मास्टर की डिग्री की पढ़ाई कर रही हैं।

संयुक्त सचिव पद के लिए एबीवीपी के उम्मीदवार सचिन बैसला ने रामानुजन कॉलेज से स्नातक की है। वह भी बौद्ध अध्ययन में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहे हैं।

आइसा: इसकी ओर से अध्यक्ष पद के लिए आयशा अहमद खान, उपाध्यक्ष पद के लिए अनुष्का चौधरी, सचिव पद के लिए आदित्य प्रताप सिंह और संयुक्त सचिव पद के लिए अंजलि कुमारी ने नामांकन दाखिल किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)