देश की खबरें | डीयू की लापता छात्रा आखिरी बार सिग्नेचर ब्रिज पर देखी गई थी: पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पिछले पांच दिनों से अधिक समय से लापता दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की 19 वर्षीय छात्रा को आखिरी बार सिग्नेचर ब्रिज पर देखा गया था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 13 जुलाई पिछले पांच दिनों से अधिक समय से लापता दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की 19 वर्षीय छात्रा को आखिरी बार सिग्नेचर ब्रिज पर देखा गया था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक बयान में कहा गया है, ‘‘दक्षिणी दिल्ली स्थित पर्यावरण कॉम्प्लेक्स निवासी स्नेहा देबनाथ के सात जुलाई को लापता होने की सूचना मिली थी।’’महरौली पुलिस थाना में, देबनाथ की गुमशुदगी को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई और उसकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, स्नेहा ने एक हस्तलिखित नोट छोड़ा है, जिसमें यमुना नदी पर बने पुल से कूदने का इरादा जताया गया है।
बयान के मुताबिक, ‘‘... पुलिस ने तकनीकी निगरानी के माध्यम से स्नेहा की गतिविधियों का पता लगाया और पुष्टि की कि लापता होने से पहले वह अंतिम बार सिग्नेचर ब्रिज पर थी।’’
पुलिस ने बताया, ‘‘जिस टैक्सी चालक ने उसे घटनास्थल पर छोड़ा था, उसने भी इसकी पुष्टि की है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने एक लड़की को पुल पर खड़ा देखा और बाद में वह घटनास्थल से गायब हो गई।’’
बयान के मुताबिक, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय पुलिस इकाइयों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया है, जो विशेष रूप से निगम बोध घाट से नोएडा तक के क्षेत्रों में चलाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि स्नेहा ने सात जुलाई की सुबह अपने करीबी दोस्तों को ईमेल और मैसेजिंग ऐप के जरिए संदेश भेजे थे। उसके दोस्तों ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से परेशान और भावनात्मक रूप से व्यथित थी।
स्नेहा के एक करीबी मित्र ने पत्रकारों को ईमेल भेजकर दावा किया कि जिस समय उसे वहां देखा गया, उस समय सिग्नेचर ब्रिज या आसपास के क्षेत्र में कोई भी सीसीटीवी कैमरा चालू हालत में नहीं था।
उसने बताया, ‘‘यह पुल कथित तौर पर 4-5 अलग-अलग पुलिस थानों के अधिकार क्षेत्र में आता है। हालांकि, इन थानों ने अलग-अलग कैमरे लगाए हैं, लेकिन उनमें से कोई भी चालू हालत में नहीं है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2025 09:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

