देश की खबरें | तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा विधायक राष्ट्रध्वज से चेहरा पोंछते दिखे, कांग्रेस ने की निंदा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान की राजधानी जयपुर में तिरंगा यात्रा के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक कथित रूप से राष्ट्रध्वज से अपना चेहरा पोंछते दिखे जिसकी विपक्षी कांग्रेस ने कड़ी आलोचना की और इसे अपमानजनक बताया है।

जयपुर, 16 मई राजस्थान की राजधानी जयपुर में तिरंगा यात्रा के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक कथित रूप से राष्ट्रध्वज से अपना चेहरा पोंछते दिखे जिसकी विपक्षी कांग्रेस ने कड़ी आलोचना की और इसे अपमानजनक बताया है।

यह कथित घटना ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद भारतीय सेना के सम्मान में भाजपा द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान हुई। यात्रा में शामिल हवा महल के विधायक बालमुकुंद आचार्य को शहर के भीड़ भरे बाजारों और ऐतिहासिक स्थानों से गुजरते समय तिरंगे से कथित रूप से अपना चेहरा पोंछते हुए देखा गया।

हालांकि इस कथित वीडियो में ऐसा भी लग रहा है कि विधायक को अपनी गलती का एहसास हुआ तो और उन्होंने अपना चेहरा पोंछने के लिए सादा कपड़े का इस्तेमाल किया। लेकिन इस घटना ने पहले ही ध्यान आकर्षित कर लिया था।

इस घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। कांग्रेस नेताओं ने इसके लिए विधायक की आलोचना की और इसे 'शहीदों के बलिदान का अपमान बताया।'

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा,‘‘तिरंगा देश की शान है, कोई रुमाल नहीं।’’

उन्होंने घटना का कथित वीडियो साझा करते हुए 'एक्स' पर लिखा,‘‘जिस तिरंगे के लिए हमारे वीर जवान प्राण न्यौछावर कर देते हैं, उसी तिरंगे से भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य नाक पोंछ रहे हैं। यह भाजपाइयों का सिर्फ दोहरा चरित्र नहीं, बल्कि देश और संविधान के प्रति गद्दारी है।’’

उन्होंने लिखा,‘‘आज उन लाखों शहीदों के बलिदान का अपमान है जिन्होंने इस तिरंगे के लिए अपनी जान दी, विधायक बालमुकुंदाचार्य माफी मांगे।’’

तिरंगा यात्रा की शुरुआत विख्यात अल्बर्ट हॉल से हुई और समापन बड़ी चौपड़ पर हुआ। यात्रा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\