ताजा खबरें | कांग्रेस के समय ‘लाइसेंस परमिट कोटा राज’ और ‘लूटराज’ था, इस सरकार में रामराज्य की स्थापना: भाजपा
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. आजादी के बाद देश में कांग्रेस के शासनकाल में केवल ‘लाइसेंस परमिट राज’ और ‘लूटराज’ होने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दस साल के शासन में अयोध्या में राम मंदिर ही स्थापित नहीं हुआ है, बल्कि देश में रामराज्य भी स्थापित हुआ है।
नयी दिल्ली, सात फरवरी आजादी के बाद देश में कांग्रेस के शासनकाल में केवल ‘लाइसेंस परमिट राज’ और ‘लूटराज’ होने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दस साल के शासन में अयोध्या में राम मंदिर ही स्थापित नहीं हुआ है, बल्कि देश में रामराज्य भी स्थापित हुआ है।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में यह आरोप भी लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में केवल उन स्थानों से निकाली जा रही है जो बांग्लादेशी घुसपैठियों के केंद्र हैं।
वह ‘वर्ष 2024-25 के लिए अंतरिम केंद्रीय बजट, लेखनुदानों की मांगों, अनुदानों की अनुपूरक मांगों, जम्मू-कश्मीर संघ राज्य क्षेत्र अंतरिम बजट, जम्मू-कश्मीर संघ राज्य क्षेत्र के लिए लेखानुदानों की मांगों और जम्मू-कश्मीर संघ राज्य क्षेत्र के लिए अनुदानों की अनुपूरक मांगों’ पर सदन में चर्चा में भाग ले रहे थे।
दुबे ने कहा कि आजादी के बाद पिछले करीब 75-77 साल में 60 साल कांग्रेस की सरकारें रहीं, ऐसे में देश में नीतियों को लेकर भाजपा को जिम्मेदार कैसे ठहराया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि 1947 से 1990 तक जहां कांग्रेस की सरकारों के समय ‘लाइसेंस परमिट कोटा राज’ रहा, जब केवल कांग्रेस समर्थक उद्योगपतियों को ही उद्यम करने का अधिकार होता था, तो 2004 से 2014 तक संप्रग की सरकारों के समय ‘लूट राज’ रहा जिसमें 2जी स्पेक्ट्रम समेत अनेक घोटाले सामने आए।
दुबे ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस की सरकारों ने मुस्लिम तुष्टीकरण के अलावा देश के आम जनमानस के बारे में सोचने की कभी कोशिश ही नहीं की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में 2014 से 2024 तक के दस साल में राम मंदिर ही स्थापित नहीं हुआ, बल्कि देश में रामराज्य भी स्थापित हुआ।’’
दुबे ने पिछले दिनों कांग्रेस सांसद डीके सुरेश के ‘अलग देश’ वाले कथित बयान के परोक्ष संदर्भ में कहा कि कांग्रेस की ‘टुकड़े टुकड़े गैंग’ वाली सोच की वजह से बंगाल से अलग बांग्लादेश और पंजाब से अलग पाकिस्तान देश बनाया गया था और अब फिर से विभाजन की बात हो रही है।
उन्होंने कहा कि पूरा देश एक है, उत्तर से लेकर दक्षिण तक पूरे देश में पूजा-पाठ संस्कृत में ही होता है, ऐसे में विभाजन की बात हो रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 07, 2024 02:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

