देश की खबरें | उपचुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान पर फेंकी गई स्याही
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए रविवार को प्रचार करने आए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान पर किसी ने स्याही फेंक दी।
मऊ (उप्र), 20 अगस्त मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए रविवार को प्रचार करने आए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान पर किसी ने स्याही फेंक दी।
अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री ने बताया, “ चौहान कोपागंज ब्लाक के अदरी स्थित एक कॉलेज में जन चौपाल के बाद दूसरे कार्यक्रम में जा रहे थे। वह अदरी चट्टी पर पहुंचे थे। वहां पहले से भाजपा कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए खड़े थे। उन्हें देखकर चौहान गाड़ी से उतरे। तभी एक युवक ने उनके ऊपर काली स्याही फेंक दी। ”
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
अत्री ने बताया कि एकाएक हुई इस घटना से अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और स्याही फेंकने वाला मौके से फरार हो गया। वहीं, इस घटना के बाद चौहान बिना प्रचार किये ही वापस लौट गए।
दारा सिंह चौहान 2022 में घोसी सीट से ही समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर चुने गए थे मगर पिछले महीने वह विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे।
घोसी सीट चौहान के त्यागपत्र की वजह से रिक्त हुई है। इस सीट पर आगामी पांच सितंबर को उपचुनाव के तहत मतदान होगा जबकि मतगणना आठ सितंबर को की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)