देश की खबरें | राजस्थान में भारी बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित, कई ट्रेन रद्द
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के जोधपुर संभाग सहित अनेक स्थानों पर लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई जगह सड़कों व रेल पटरियों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ, जबकि जोधपुर मंडल में अनेक ट्रेन रद्द करनी पड़ी।
जयपुर, 27 जुलाई राजस्थान के जोधपुर संभाग सहित अनेक स्थानों पर लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कई जगह सड़कों व रेल पटरियों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ, जबकि जोधपुर मंडल में अनेक ट्रेन रद्द करनी पड़ी।
राज्य में हालांकि बारिश संबंधी घटनाओं में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में राज्य के नागौर, जालौर, जोधपुर, जैसलमेर, प्रतापगढ़, सिरोही व भीलवाड़ा जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश हुई। इस दौरान जालौर के केसरपुरा में सर्वाधिक 224.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नागौर के मेड़ता सिटी में 181 मिमी, जोधपुर के बालेसर में 174 मिमी, शेखला में 135 मिमी, जालौर के भीनमाल में 123 मिमी, जालौर शहर में 107 मिमी, जोधपुर के ओसियां में 100 मिमी तथा बिलाड़ा में 94 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य में अनेक जगह बुधवार को भी अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के ऊपर बना परिसंचरण तंत्र आज भी राजस्थान के मध्य भागों के ऊपर बना हुआ है। इसके प्रभाव से आज भी जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, नागौर, पाली तथा जालौर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश तथा एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
विभाग के अनुसार, 28 जुलाई से बारिश की गतिविधियों के धीरे-धीरे राज्य के उत्तरी भागों की और बढ़ने तथा राज्य के शेष भागों से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की भी संभावना है।
इस बीच, राजस्थान के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश के कारण जलजमाव से रेल यातायात प्रभावित हुआ। जोधपुर मंडल में कई ट्रेन रद्द की गई हैं।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि भारी बारिश के कारण जोधपुर संभाग के राई का बाग स्टेशन तथा राई का बाग और जोधपुर कैंट स्टेशन के बीच पानी भर जाने के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ।
उन्होंने बताया कि इसके चलते कम से कम पांच ट्रेन पूरी तरह रद्द की गई हैं, जिनमें बुधवार को चलने वाली भगत की कोठी-तिरुचिरापल्ली ट्रेन, जोधपुर-जैसलमेर ट्रेन तथा जोधपुर-हिसार ट्रेन..28 जुलाई को चलने वाली हिसार-बीकानेर ट्रेन और 30 जुलाई को चलने वाली तिरुचिरापल्ली-भगत की कोठी ट्रेन शामिल है।
प्रवक्ता ने बताया कि इनके अलावा अनेक ट्रेन आंशिक रूप से रद्द की गई हैं और कई के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
उल्लेखनीय है कि लगातार मूसलाधार बारिश से मंगलवार को राजस्थान के जोधपुर, भीलवाड़ा, जालोर और चित्तौड़गढ़ जिलों के अनेक इलाकों में जलभराव के चलते बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। सड़कें और रेल पटरियां जलमग्न हो गईं।
वहीं, जोधपुर जिले में बारिश के बाद भरे पानी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। भारी वर्षा के मद्देनजर जोधपुर के जिला प्रशासन ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सभी निजी व सरकारी स्कूलों को बुधवार को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य में बारिश के कारण किसी हादसे की कोई खबर नहीं है। हालांकि, राज्य में अनेक जगह आपदा मोचन बल के दलों को तैयार रखा गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 27, 2022 01:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

