देश की खबरें | दिल्ली मेट्रो की वॉयलेट लाइन पर तकनीकी खराबी के कारण करीब दो घंटे तक सेवाएं प्रभावित रहीं

नयी दिल्ली, पांच मई दिल्ली मेट्रो की वॉयलेट लाइन पर शुक्रवार को तकनीकी खराबी के कारण करीब दो घंटे तक सेवाएं प्रभावित रहीं जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई।

वॉयलेट लाइन दिल्ली में कश्मीरी गेट को हरियाणा में बल्लभगढ़ से जोड़ती है।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे ट्वीट किया, “वॉयलेट लाइन जानकारी : कश्मीरी गेट और राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़) की ओर जाने वाली मेट्रो की सेवाओं में देरी हो रही है। अन्य सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं।”

कई यात्रियों ने सेवाओं में देरी के कारण हुई असुविधा को लेकर ट्वीट भी किए।

डीएमआरसी ने पूर्वाह्न 11 बजकर 43 मिनट पर एक अन्य ट्वीट कर बताया कि वॉयलेट लाइन पर सेवाएं सामान्य रूप से बहाल हो गयी हैं।

डीएमआरसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अप लाइन सेक्शन (कश्मीरी गेट की ओर जाने वाले खंड) में लाजपत नगर और मूलचंद स्टेशन के बीच पूर्वाह्न 9.30 बजे से 11.30 बजे तक 'ट्रैक सर्किट ड्रॉप इश्यू' (एक प्रकार की तकनीकी खराबी) था, जिसके कारण ट्रेनों की गति प्रभावित हुई।

उन्होंने कहा कि इसके कारण प्रभावित सेक्शन के पास वॉयलेट लाइन पर अन्य ट्रेनों के परिचालन में देरी हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)