एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | रांची के आश्रम में दोहरा हत्याकांड: भाजपा विधायक का दावा-झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने शुक्रवार को विधानसभा में रांची के हालिया दोहरे हत्याकांड का मामला उठाया और आरोप लगाया कि झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं हैं।

देश की खबरें | रांची के आश्रम में दोहरा हत्याकांड: भाजपा विधायक का दावा-झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं

रांची, सात मार्च झारखंड भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने शुक्रवार को विधानसभा में रांची के हालिया दोहरे हत्याकांड का मामला उठाया और आरोप लगाया कि झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं हैं।

सरकार ने उन्हें आश्वासन दिया कि अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रांची के चान्हो प्रखंड स्थित आनंद मार्ग आश्रम में बुधवार रात कुछ हमलावरों ने साधु मुकेश शाह और राजेंद्र यादव नामक एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी।

हटिया विधायक ने कहा कि हमलावर आश्रम में घुसे और दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी। जायसवाल ने कहा, ‘‘यह महज लूट का मामला नहीं हो सकता, क्योंकि आश्रम में ज्यादा संपत्ति नहीं है। इसका मकसद कुछ और है। झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं हैं, लेकिन सरकार चुप है।’’

भाजपा विधायक को जवाब देते हुए संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सदन को बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोहरे हत्याकांड के सिलसिले में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

किशोर ने कहा, ‘‘दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। मैं इस मामले में रांची एसएसपी से और जानकारी लूंगा। इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अपराध के पीछे मुख्य मकसद चोरी था।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी घटना की आलोचना की।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘झारखंड में रांची के चान्हो स्थित आनंद मार्ग आश्रम में लूटपाट और साधु की हत्या की घटना राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की विफलता को दर्शाती है। आश्रमों और धार्मिक स्थलों को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए, लेकिन इस घटना ने यह साफ कर दिया कि कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है। अपराधी आश्रम के अंदर घुसकर न केवल लूटपाट करते हैं, बल्कि एक साधु और ग्रामीण की हत्या करके फरार हो जाते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड में धार्मिक स्थलों पर लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन सरकार इन घटनाओं को रोकने में असफल रही है। यदि जल्द ही सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो जनता का इस सरकार से भरोसा उठ जाएगा।’’

इससे पहले, कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव ने सदन का ध्यान रांची के सिरम टोली इलाके में एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर को लेकर आदिवासियों के विरोध की ओर आकर्षित किया। यह फ्लाईओवर कथित तौर पर एक आदिवासी धार्मिक स्थल सरना स्थल के बगल में बनाया जा रहा है।

किशोर ने विधानसभाध्यक्ष से आंदोलनकारियों की मांग का आकलन करने के लिए सदस्यों की एक टीम गठित करने का आग्रह किया। सरना स्थल के बगल में बन रहे फ्लाईओवर के रैंप को हटाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने रांची में मानव श्रृंखला बनायी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 07, 2025 04:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).