देश की खबरें | नशे में धुत शरारती तत्वों ने जेएनयू में दो छात्रों का अपहरण करने की कोशिश की, मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के सदस्यों ने बुधवार को आरोप लगाया कि नशे में धुत कुछ लोग अपनी कार में परिसर में घुस आए और उन्होंने दो छात्रों का अपहरण करने की कोशिश की।
नयी दिल्ली, सात जून जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के सदस्यों ने बुधवार को आरोप लगाया कि नशे में धुत कुछ लोग अपनी कार में परिसर में घुस आए और उन्होंने दो छात्रों का अपहरण करने की कोशिश की।
घटना मंगलवार रात की है। जेएनयू के छात्रों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो मामले दर्ज किए हैं।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) मनोज सी. ने कहा, ‘‘ जेएनयू के छात्रों से हमले के संबंध में और छेड़छाड़ व अपहरण करने की कोशिश से जुड़ी दो शिकायतें मिली हैं। मामले दर्ज कर लिए गए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ दोनों मामलों के आरोपी और घटना में इस्तेमाल किया गया वाहन एक ही है। मामले की जांच जारी है।’’
जेएनयूएसयू ने कुलपति से भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की मांग करते हुए एक बयान में कहा, ‘‘ जेएनयू की कुलपति भी इस घटना के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं। परिसर में बार-बार हो रही सुरक्षा चूक पर कुलपति को जेएनयू के लोगों से बात करनी चाहिए।’’
बयान के मुताबिक, जिन छात्रों पर हमला किया गया उनमें से एक की चिकित्सकीय जांच कराई गई और उसने शिकायत दर्ज कराई है।
इससे पहले, जेएनयूएसयू ने एक बयान में बताया था छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल कुलपति से मुलाकात करेगा। उसने दोपहर 12 बजे तक दोषियों की गिरफ्तारी न होने तक प्रदर्शन की चेतावनी भी दी थी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जेएनयू इकाई ने हमले की निंदा की और पीड़तों के साथ एकजुटता दिखाते हुए मुख्य सुरक्षा अधिकारी (सीएसओ) के इस्तीफे की मांग की।
एबीवीपी-जेएनयू ने एक बयान में कहा, ‘‘ हम घटना की कड़ी निंदा करते हैं और पीड़ितों के साथ एकजुट हैं। दिल्ली में जेएनयू परिसर काफी लंबे समय से शहर में महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित स्थानों में से एक रहा है। हालांकि कुछ हालिया घटनाओं ने उसके सुरक्षा उपायों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हम अक्षम सीएसओ के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हैं।’’
छात्रों के संगठन ने परिसर में ऐसे ‘‘सुरक्षित व समावेशी’’ माहौल की मांग की, जहां सभी छात्र खासकर महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)